
खेल डेस्क। ऑस्ट्रेलिया के ऑलराउंडर जैक मॉरिसन ग्रेगरी के बारे में बहुत ही कम लोग जानते होंगे। उनका निधन आज ही के दिन यानी 7 अगस्त, 1973 को हुआ था। कंगारू क्रिकेटर जैक मॉरिसन ग्रेगरी के नाम आज भी टेस्ट क्रिकेट में दो विश्व रिकॉर्ड दर्ज हैं। उनके नाम सबसे कम समय में शतक लगाने और एक सीरीज में सर्वाधिक कैच लेने के विश्व रिकॉर्ड दर्ज है।
ग्रेगरी ने 1921 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ जोहानिसबर्ग टेस्ट में केवल 70 मिनट में 67 गेंदों में शतक जड़ लगाया था। कम समय में शतक लगाने का उनका ये रिकॉर्ड आज तक कोई भी बल्लेबाज नहीं तोड़ सका है।
जैक ग्रेगरी ने 1920-21 की एशेज सीरीज के दौरान 15 कैच लपके थे। यह बतौर फील्डर किसी टेस्ट सीरीज में सबसे ज्यादा कैच लपकने का विश्व रिकॉर्ड है। हालांकि भारतीय क्रिकेटर केएल राहुल इस रिकॉर्ड के करीब पहुंच चुके हैं। राहुल ने साल 2018 में इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में 14 कैच पकड़े थे।