

स्पोर्ट्स डेस्क। महिला रेसलिंग में देश को इकलौता ओलिंपिक मेडल दिलाने वाली साक्षी मलिक ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सवाल किया है। 2016 में खेल रत्न से सम्मानित हुईं साक्षी को अब अर्जुन अवॉर्ड पाने की इच्छा भी है। इसके लिए उन्होंने मोदी से पूछा है कि वे ऐसा कौन सा मेडल देश के लिए जीतकर लाएं कि उन्हें अर्जुन अवॉर्ड मिल जाए। साक्षी ने 2016 के रियो ओलिंपिक में कांस्य पदक जीता था।

दरअसल, साक्षी ने इस साल अर्जुन अवॉर्ड के लिए आवेदन किया था। खेल मंत्रालय की स्पेशल कमेटी ने 29 खिलाड़ियों समेत साक्षी के नाम की भी इस सम्मान के लिए सिफारिश की थी। हालांकि, बाद में फाइनल लिस्ट से साक्षी का नाम हटा दिया गया था। इससे नाराज साक्षी ने ट्वीट कर मोदी से सवाल किया है।

खेल रत्न से सम्मानित साक्षी मलिक कादियान ने ट्वीट कर लिखा कि उनको खेल रत्न से सम्मानित किया गया, इसका उन्हें गर्व है, लेकिन हर खिलाड़ी का सपना होता है कि वह तमाम पुरस्कार अपने नाम कर लें। उनका भी सपना है कि उनके नाम के आगे अर्जुन पुरस्कार विजेता लगे। वह अब ऐसा कौन सा पदक जीतकर लाएं कि उनको अर्जुन पुरस्कार से भी सम्मानित किया जाए। साथ ही उन्होंने यह भी लिखा कि कुश्ती जीवन में शायद उन्हें कभी यह पुरस्कार जीतने का सौभाग्य ही न मिले।
Herald