

स्पोर्ट्स डेस्क। आईपीएल शुरू होने में बेहद कम दिन रहा गया है। जहां एक ओर पूरी दुनिया कोरोना से जूझ रही है तो दूसरी ओर बीसीसीआई आईपीएल कराने की तैयारी में है। देश में कोरोना के मामले लगातार बढ़ रहे थे, इस वजह से बीसीसीआई ने आईपीएल को यूएई में 19 सितम्बर को कराने का फैसला लिया है लेकिन उससे पहले ही आईपीएल पर कोरोना के संकट के बादल मंडराने लगे हैं। इंडियन प्रीमियर लीग 2020 (IPL 2020) को यूएई में शुरू होने में अब केवल 22 दिन का ही वक्त बचा है और उससे पहले ही चेन्नई सुपर किंग्स टीम (CSK) के 12 सदस्य कोरोना वायरस टेस्ट में पॉजिटिव पाए गए हैं।

इनमें खिलाड़ी और सपोर्ट स्टाफ भी शामिल हैं.इसी के चलते अब उनका क्वारंटीन पीरियड भी बढ़ा दिया गया है। लेकिन यह अभी जानकारी नहीं है कि खिलाड़ी, सपॉर्ट स्टाफ या अधिकारियों में किसे कोरोना हुआ है। यह जानकारी मिली है कि दुबई पहुंचने के बाद टीम से जुड़े सदस्यों का कोविड-19 टेस्ट किया गया था जो पॉजिटिव आया है। नतीजतन, सीएसके को अब एक और सप्ताह के लिए क्वारंटीन में रहना होगा।

सूत्रों द्वारा इस बारे में अधिक जानकारी देते हुए बताया गया कि सीएसके ने दुबई पहुंचने पर सभी आवश्यक सावधानी बरती है। बता दें कि इससे पहले जब कोरोना काल के दौरान यूरोप में फुटबॉल शुरू हुआ था, तब भी कुछ खिलाड़ी पॉजिटिव पाए गए थे। इसलिए आईपीएल की आठ टीमों और 1000 से अधिक सदस्यों के साथ यह एक संभावना थी। यह किसी भी टीम के साथ हो सकता है। यह सिर्फ दुर्भाग्यपूर्ण है कि सभी तरह की सावधानियों को बरतने के बावजूद यह सीएसके के साथ हुआ। धोनी की कप्तानी में टीम चौथी बार टाइटल जीतने के लिए दुबई गई है।
Herald