
नयी दिल्ली। खेलमंत्री किरेन रीजीजू ने अनुभवी एथलेटिक्स कोच पुरूषोत्तम राय के निधन पर शोक जताया जिन्हें शनिवार को आजीवन योगदान के लिये द्रोणाचार्य पुरस्कार मिलना था ।
राय को शनिवार को यह सम्मान मिलना था और उन्होंने वर्चुअल समारोह के ड्रेस रिहर्सल में भी भाग लिया था । उनका शुक्रवार की रात दिल का दौरा पडऩे से निधन हो गया । वह 79 वर्ष के थे ।
रीजीजू ने ट्वीट किया ,;; भारत ने शुक्रवार को अनुभवी एथलेटिक्स कोच श्री पुरूषोत्तम राय को खो दिया। उन्हें आज राष्ट्रीय खेल पुरस्कारों के वर्चुअल समारोह में द्रोणाचार्य (लाइफटाइम) पुरस्कार दिया जाना था । उनके योगदान को हमेशा याद रखा जायेगा ।
राय ने नेताजी खेल संस्थान से डिप्लोमा लेकर 1974 में कोचिंग कैरियर की शुरूआत की थी । उन्होंने ओलंपियन रिले धाविका वंदना राव, हेप्टाथलीट प्रमिला अयप्पा, अश्विनी नाचप्पा, मुरली कुटान, एम के आशा, जी जी प्रमिला को कोचिंगदी ।
वह 1987 विश्व एथलेटिक्स चैम्पियनशिप, 1988 एशियाई ट्रैक और फील्ड चैम्पियनशिप और 1999 दक्षिण एशियाई खेलों में भारतीय टीम के कोच भी रहे । (एजेंसी)