Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

IPL के दौरान हर पांचवें दिन खिलाड़ियों का होगा कोविड-19 टेस्ट

नई दिल्ली 
इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) का आगाज 19 सितंबर को होगा। इस साल आईपीएल युनाइटेड अरब अमीरात (यूएई) में खेला जाना है। सभी फ्रेंचाइजी टीमें अब यूएई जाने की तैयारी में जुट गई हैं। आईपीएल में हिस्सा लेने वाले खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ को यूएई में प्रैक्टिस शुरू करने से पहले कोविड-19 की जांच में पांच बार निगेटिव आना होगा और टूर्नामेंट शुरू होने के बाद उन्हें हर पांचवें दिन कोरोना वायरस जांच करानी होगी। इसके अलावा विदेशी खिलाड़ियों को भी इसी प्रोसिजर से गुजरना होगा। बीसीसीआई के एक अधिकारी ने कहा कि सभी भारतीय क्रिकेटरों और सपोर्ट स्टाफ को भारत में अपनी संबंधित टीमों से जुड़ने के एक सप्ताह पहले 24 घंटे के अंतराल में दो बार कोविड-19 आरटी-पीसीआर टेस्ट कराना होगा। इसके बाद खिलाड़ी (भारत में ही) 14 दिन तक आइसोलेशन में रहेंगे। टेस्ट में किसी व्यक्ति का नतीजा अगर पॉजिटिव आता है, तो वो 14 दिनों तक आइसोलेशन में रहेगा। 19 सितंबर से शुरू होने वाले आईपीएल के लिए यूएई रवाना होने के लिए उसके आइसोलेशन पीरियड खत्म होने के बाद 24 घंटे के अंतराल में दो बार कोविड-19 आरटी-पीसीआर टेस्ट में निगेटिव आना होगा।

'खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ की सुरक्षा से नहीं होगा कोई समझौता'
अधिकारी ने बताया, 'यूएई पहुंचने के बाद खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ को एक हफ्ते तक आइसोलेशन में रहने के दौरान तीन बार कोविड-19 टेस्ट कराना होगा। तीनों बार निगेटिव आने के बाद वो बायो सिक्योर एन्वॉयरमेंट में प्रवेश कर के प्रैक्टिस शुरू कर सकते हैं।' उन्होंने कहा, 'इस मामले में टीमों से प्रतिक्रिया मिलने के आधार पर इस प्रोटोकॉल में मामूली बदलाव किए जा सकते हैं, लेकिन खिलाड़ियों और टीम अधिकारियों की सुरक्षा के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा।'

उड़ान भरने से पहले टेस्ट रिजल्ट नेगेटिव आना होगा
यूएई में पहले हफ्ते के रहने के दौरान टीमों के खिलाड़ियों और अधिकारियों को होटल में एक दूसरे से मिलने की अनुमति नहीं होगी। जांच में तीन बार निगेटिव आने के बाद ही उन्हें टूर्नामेंट के बायो सिक्योर एन्वॉयरमेंट में जाकर प्रैक्टिस करने की अनुमति होगी। विदेशी खिलाड़ियों के सीधे यूएई पहुंचने के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, 'सभी विदेशी खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ को भी यूएई के लिए उड़ान भरने से पहले कोविड-19 आरटी-पीसीआर टेस्ट कराना होगा । वे तभी उड़ान भर सकते हैं, जब उनका नतीजा निगेटिव होगा। अगर ऐसा नहीं हुआ तो उन्हें 14 दिन आइसोलेशन में रहना होगा और दो बार कोरोना वायरस की टेस्ट में निगेटिव आना होगा।'

फ्रेंचाइजी टीमें करेंगी फैसला
यूएई में खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ के आइसोलेशन के दौरान पहले, तीसरे और छठे दिन जांच की जाएगी। इसमें निगेटिव रहने के बाद 53 दिनों तक चलने वाले टूर्नामेंट में हर पांचवें दिन उनका टेस्ट होगा। बीसीसीआई टेस्ट प्रोटोकॉल के अलावा टीमें खुद से यूएई सरकार द्वारा लागू नियमों के तहत अतिरिक्त टेस्ट करवा सकती हैं। टीमों से कहा गया है कि वे 20 अगस्त से पहले उड़ान ना भरे, जिससे उन्हें जरूरत पड़ने पर आवश्यक टेस्ट प्रोटोकॉल और आइसोलेशन  को अंजाम देने में परेशानी ना हो। बीसीसीआई ने खिलाड़ियों के परिवार और सहयोगियों को साथ रखने का फैसला टीमों पर छोड़ दिया है।

जानिए बायो सिक्योर घेरा तोड़ने पर खिलाड़ियों को क्या करना होगा
इसके लिए उन्हें भी सख्त बायो सिक्योर प्रोटोकॉल का पालन करना होगा। परिवार को बायो सिक्योर एन्वॉयरमेंट से बाहर किसी से मिलने की अनुमति नहीं होगी। दूसरे खिलाड़ियों के परिवारों से मुलाकात के दौरान उन्हें समाजिक दूरी का ख्याल रखना होगा। उन्हें हमेशा मास्क लगाए रखना होगा। अधिकारी ने बताया, 'परिवारों को खिलाड़ियों और मैच अधिकारियों के क्षेत्र के अलावा मैच या प्रैक्टिस के दौरान मैदान में आने की अनुमति नहीं होगी। उन्होंने कहा, 'जो कोई भी बायो सिक्योर प्रोटोकॉल का उल्लंघन करेगा, उसे सात दिनों के लिए खुद को आइसोलेशन में रखना होगा। बायो सिक्योर महौल में वापस आने के लिए उन्हें छठे और सातवें दिन कोविड-19 की टेस्ट में निगेटिव आना होगा।'

The post IPL के दौरान हर पांचवें दिन खिलाड़ियों का होगा कोविड-19 टेस्ट appeared first on Bhavtarini.