

स्पोर्ट्स डेस्क। आईपीएल का पहला मैच 19 सितंबर को खेला जाएगा. सभी टीमें यूएई (IPL in UAE) पहुंच चुकी हैं. हालांकि खिलाड़ी अभी क्वारंटीन में हैं और इसी सप्ताह के आखिर में अपनी प्रैक्टिस शुरू करेंगे. इससे पहले आईपीएल फ्रेंचाइजियों (IPL Teams) ने अपनी तैयारी और भी तेज कर दी है. इस बीच बड़ी खबर आ रही है दिल्ली कैपिटल्स की ओर से, जहां दिल्ली की टीम ने एक नई घोषणा कि है. जिसमें यह बताया गया है कि आईपीएल सीजन 13 के लिए दिल्ली की टीम ने बॉलिंग कोच की कमान ऑस्ट्रेलिया के पूर्व तेज गेंदबाज रेयान हैरिस को सौंप दी है।

आस्ट्रेलिया के पूर्व तेज गेंदबाज रेयान हैरिस को अपना गेंदबाजी कोच नियुक्त किया है. अब करीब 40 साल के हो चुके रेयान हैरिस हमवतन जेम्स होप्स की जगह लेंगे. जेम्स होप्स ने 2018 और 2019 में कैपिटल्स के गेंदबाजी कोच की भूमिका निभाई थी, लेकिन इस बार निजी कारणों से टीम से नहीं जुड़ पाएंगे. रेयान हैरिस की ओर से जारी एक विज्ञप्ति में कहा कि मैं आईपीएल में वापसी करके खुश हूं।

यह आईपीएल ट्राफी हासिल करने के फ्रेंचाइजी के लक्ष्य में मदद करने का बहुत बड़ा अवसर है. रेयान हैरिस ने कहा कि दिल्ली कैपिटल्स के पास प्रभावशाली गेंदबाज हैं और मैं उनके साथ काम करने को लेकर उत्सुक हूं. हैरिस ने टेस्ट क्रिकेट में 113, वनडे में 44 और टी20 अंतरराष्ट्रीय में चार विकेट लिए हैं. वह 2009 में आईपीएल जीतने वाली डेक्कन चार्जर्स टीम के सदस्य थे. चोटों के कारण उन्होंने 2015 में संन्यास ले लिया था. इसके बाद रेयान हैरिस आस्ट्रेलियाई टीम और बिग बैश टीम ब्रिस्बेन हीट के साथ गेंदबाजी कोच की भूमिका निभा रहे थे.
Herald