Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

IPL के शुरूआती मैच नहीं खेल पाएंगे मलिंगा

कोलंबो। श्रीलंका और मुंबई इंडियंस के तेज गेंदबाज लसित मलिंगा यूआई में 19 सितम्बर से 10 नवम्बर तक होने वाले आईपीएल के 13वें संस्करण के शुरूआती मैच नहीं खेल पाएंगे।

समझा जाता है कि मलिंगा निजी कारणों से यूएई नहीं जा रहे हैं और शुरूआती मैचों में नहीं खेल पाएंगे। समझा जाता है कि मलिंगा के पिता बीमार हैं और आगामी सप्ताहों में उनकी सर्जरी होगी। तेज गेंदबाज अपने पिता के पास रहेंगे और कोलंबो में ही ट्रेनिंग करेंगे।

अगले सप्ताह 37 वर्ष के होने जा रहे मलिंगा श्रीलंका के लिए आखिरी बार टी-20 में इस साल मार्च में वेस्ट इंडीज के खिलाफ घरेलू सीरीज में खेले थे। उन्होंने जून-जुलाई में श्रीलंका क्रिकेट द्वारा आयोजित रेसिडेंशियल कंडीशनिंग कैम्प्स में हिस्सा नहीं लिया था।

मलिंगा ने पिछले साल चेन्नई सुपरकिंग्स के खिलाफ आईपीएल फाइनल में आखिरी ओवर में आठ रन का सफलतापूर्वक बचाव कर मुंबई को चौथी बार चैंपियन बनाया था। मलिंगा ने पहले तीन ओवर में 42 रन दिए थे। उन्होंने आखिरी ओवर की पहली पांच गेंदों पर सात रन दिए थे और आखिरी गेंद पर शार्दुल ठाकुर का विकेट लिया था जबकि चेन्नई को जीत के लिए दो रन की जरूरत थी। (एजेंसी)