

स्पोर्ट्स डेस्क। पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने स्वतंत्रता दिवस की शाम को अचानक से इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लेने की घोषणा की थी। वे पिछले एक साल से टीम से बाहर थे। इस फैसले के बाद खेल जगत के कई दिग्गज और माही के फैंस लेजेंड के लिए एक फेयरवेल मैच की मांग कर रहे हैं। बीसीसीआई के एक अधिकारी ने कहा कि बोर्ड आगामी आईपीएल के दौरान इस मामले में धोनी से बात करेगा और फिर उसी के अनुसार आगे का कार्यक्रम तय करेगा.

अधिकारी ने कहा, 'फिलहाल कोई अंतरराष्ट्रीय सीरीज नहीं है. हो सकता है कि आईपीएल के बाद हम देखेंगे कि क्या किया जा सकता है, क्योंकि धोनी ने देश के लिए बहुत कुछ किया है और वह इस सम्मान के हकदार हैं. हम हमेशा उनके लिए एक फेयरवेल मैच चाहते थे, लेकिन धोनी एक अलग खिलाड़ी हैं. जब उन्होंने अपने संन्यास की घोषणा की तो किसी ने भी इसके बारे में सोचा नहीं था।

आगे यह पूछे जाने पर कि पूर्व कप्तान ने अब तक इस बारे में कुछ भी कहा है, तो अधिकारी ने कहा कि नहीं। लेकिन निश्चित रूप से हम आईपीएल के दौरान उनसे बात करेंगे और मैच या सीरीज के बारे में उनकी राय लेने के लिए यह सही जगह होगी। खैर, उनके लिए एक उचित सम्मान समारोह होगा चाहे वह इस पर सहमत हों या न हों। उन्हें सम्मानित करना हमारे लिए सम्मान की बात होगी।
Herald