
जब से महेंद्र सिंह धोनी ने कल रात अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास की घोषणा की है, सोशल मीडिया उनके फैंस के मेसेजेस से भर गया है। उनमें से अधिकांश का मानना था कि क्रिकेटर को अभी रिटायर नहीं होना चाहिए था जबकि अन्य ने उन्हें अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में उनके योगदान के लिए धन्यवाद दिया है।
धोनी ने प्रथम श्रेणी क्रिकेटर के रूप में लंबे करियर का आनंद लिया और सीमित ओवरों के प्रारूप में भारतीय टीम के सबसे सफल कप्तान भी बने। उन्हें अपनी तेज-तर्रार स्टंपिंग, आक्रामक बल्लेबाजी के लिए याद किया जाएगा, साथ ही एक जबरदस्त रणनीतिकार के रूप में भी उनका नाम लिया जाएगा, जिन्होंने अनगिनत बार भारतीय क्रिकेट टीम को जीत दिलाई। रांची के इस क्रिकेटर ने भले ही क्रिकेट (कम से कम अंतरराष्ट्रीय प्रारूप) को अलविदा कह दिया हो लेकिन हमें यकीन है कि वह लंबे समय तक खेल से जुड़े रहेंगे।
लेकिन अब मैदान पर कम समय के साथ,धोनी अपने एक अन्य शौक ऑटोमोबाइल पर ध्यान देंगे। यदि आप धोनी के प्रशंसक हैं तो आप जानते होंगे कि उनके पास एक से एक शानदार कारें और बाइक्स हैं।
एमएस धोनी के पास कारों का एक विशाल संग्रह है जिसमें हमर एच 2, जीएमसी सिएरा पिक-अप ट्रक, पोर्श बॉक्सर, फेरारी 500 जीटीओ, ऑडी क्यू 7, महिंद्रा स्कॉर्पियो, और यहां तक कि एक दुर्लभ रोल्स रॉयस सिल्वर शैडो सीरीज़भी शामिल है। ग्रैंड चेरोकी ट्रैकहॉक (भारत में एकमात्र) और पिछले साल कारों की लंबी सूची में एक क्लासिक निसान जोंगा भी धोनी की कारों में शामिल हुई।
उनके पास नॉर्टन 250 जुबली, बीएसए गोल्डस्टार, यामाहा आरडी 350, सुजुकी शॉटगन और यामाहा थंडरकैट जैसी क्लासिक बाइक हैं।आधुनिक बाइक की उनकी सूची में हार्ले-डेविडसन फैटबॉय, कावासाकी निंजा एच 2, कावासाकी जेडएक्स -14 आर, सुजुकी हायाबुसा, और बहुत कुछ शामिल हैं।