
भोपाल। मध्यप्रदेश के समाजिक न्याय एवं नि:शक्तजन कल्याण मंत्री प्रेम सिंह पटेल ने आज राष्ट्रपति रामनाथ कोविन्द द्वारा मध्यप्रदेश के पैरा-तैराक सतेन्द्र सिंह लोहिया को तेनजिंग नोर्गे साहसिक पुरस्कार और मलखम्भ प्रशिक्षक योगेश मालवीय को द्रोणाचार्य पुरस्कार से सम्मानित होने पर बधाई दी है।
कोविड-19 के कारण यह पुरस्कार विडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से खिलाड़ी द्वय को भोपाल में दिया गया। इस अवसर पर प्रमुख सचिव खेल एवं युवा कल्याण पंकज राग भी उपस्थित थे।
श्री सतेन्द्र सिंह यह अवार्ड पाने वाले देश के पहले दिव्यांग खिलाड़ी बन चुके हैं। श्री लोहिया अमेरिका में 42 किलोमीटर की केटलीना चैनल सिर्फ 11:34 घंटे में तैरकर पार करने वाले पहले एशियाई दिव्यांग तैराक बने थे। चैनल में पानी का तापमान लगभग 12 डिग्री होने के साथ ही शार्क मछलियों के हमले का खतरा भी बना रहता है। दिन में तेज चलने वाली हवाओं से बचने के लिये श्री लोहिया ने यह चैनल रात में पार किया, जो एक बड़ी चुनौती थी।
विश्व दिव्यांग दिवस पर उप राष्ट्रपति वेंकैया नायडू द्वारा सर्वश्रेष्ठ दिव्यांग खिलाड़ी नेशनल अवार्ड से सम्मानित पैरा-स्वीमर सतेन्द्र सिंह को मध्यप्रदेश के सर्वोच्च खेल अवार्ड से भी नवाजा जा चुका है। श्री लोहिया ने ऑस्ट्रेलिया के सिडनी में ओलम्पिक स्वीमिंग एनएसडब्ल्यू-2017 स्टेट ओपन चैम्पियनशिप में भारत के लिये स्वर्ण-पदक जीता।
उन्होंने मई-2017 में ओपन वाटर सी-स्वीभमग फीट ऑफ 33 किलोमीटर को पार किया। श्री लोहिया ने 24 जून, 2018 को इंग्लिश चैनल स्वीमिंग में पैरा-स्वीमिंग रिले टीम के माध्यम से कीर्तिमान स्थापित किया और 18 अगस्त, 2019 को कैटलीना इंग्लिश चैनल पार कर इतिहास रचा। राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में श्री सतेन्द्र ने मध्यप्रदेश के लिये 12 रजत एवं 8 काँस्य-पदक हासिल किये हैं।(एजेंसी)