

स्पोर्ट्स डेस्क। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) और क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (सीए) के प्रमुख इंटरनैशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) की शुक्रवार (7 अगस्त) को होने वाली बोर्ड मीटिंग में अगले दो साल में दो टी20 वर्ल्ड कप की मेजबानी पर चर्चा करेंगे। यह मीटिंग वर्चुअल होगी। आईसीसी के अगले अध्यक्ष पद पर दो बोर्ड के रुख से भी यह फैसला प्रभावित होगा। अध्यक्ष पद के लिए नामांकन प्रक्रिया की औपचारिक घोषणा की जानी बाकी है।

उम्मीद है कि बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली और सचिव जय शाह के साथ सीए के अर्ल एडिंग्स और निक हॉकले 2021 और 2022 राउंड की मेजबानी को लेकर आम सहमति पर पहुंच जाएंगे। आईसीसी बोर्ड सदस्य ने नाम नहीं बताने की शर्त कहा, 'बैठक का मुख्य एजेंडा आईसीसी टूर्नामेंट के शेड्यूल को लेकर है, जिसमें महिलाओं का अगले साल के शुरू में वनडे वर्ल्ड कप भी शामिल है।

उम्मीद है कि कुछ फैसले लिए जाएंगे।' इस साल 18 अक्टूबर से ऑस्ट्रेलिया में आईसीसी वर्ल्ड टी20 का आयोजन किया जाना था, लेकिन कोविड-19 महामारी के कारण इसे स्थगित कर दिया गया, उम्मीद है कि सीए अक्टूबर 2021 में टी20 वर्ल्ड कप की मेजबानी करना चाहेगा, क्योंकि उसने इसकी तैयारियां शुरू कर दी हैं और वो दो साल तक इंतजार नहीं करना चाहेगा लेकिन बीसीसीआई भी 2021 में टूर्नामेंट की मेजबानी के अपने अधिकार को छोड़ना नहीं चाहेगा।
Herald