

स्पोर्ट्स डेस्क। आखिरकार पाकिस्तान की टीम टी-20 सीरीज बचाने में कामयाब रही. उसने दौरे की पहली जीत हासिल कर तीन टी-20 मैचों की सीरीज 1-1 से बराबर कराई. ओल्ड ट्रैफर्ड में टॉस हारकर पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 190/4 रनों का स्कोर खड़ा किया. जबाव में इंग्लैंड की टीम निर्धारित ओवरों में 185/8 रन ही बना पाई, जिससे पाकिस्तान को 'करो या मरो' के मैच में 5 रनों से जीत हासिल हो गई. इंग्लैंड के बल्लेबाज मोइन अली (61 रन) ने टीम के लिए जीत की उम्मीद जगाई, लेकिन पाकिस्तानी गेंजबाज वहाब रियाज ने इमाद वसीम के हाथों मोइन अली को कैच आउट कराकर इंग्लैंड को बड़ा झटका दिया।

इस मैच में हैदर अली को इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे टी20 इंटरनेशनल मैच में डेब्यू करने का मौका मिला। हैदर अली ने अपनी पारी से ना सिर्फ इस मैच को यादगार बना दिया बल्कि कई रिकॉर्ड्स भी बना डाले। इसके अलावा टीम की जीत में भी उनका शानदार योगदान रहा। हैदर अली ने अपने पहले ही टी20 इंटरनेशनल मैच में 54 रन की पारी खेली और अब वो पाकिस्तान की तरफ से टी20 इंटरनेशनल डेब्यू मैच में बेस्ट स्कोर बनाने वाले बल्लेबाज बन गए।

हैदर अली ने अपने पहले ही टी20 मैच में 33 गेंदों पर 54 रन बनाए जिसमें 5 चौके व 2 छक्के शामिल थे। वो टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में पाकिस्तान की तरफ से अर्धशतक लगाने वाले तीसरे सबसे युवा खिलाड़ी बने। हैदर ने 19 साल 335 दिन की उम्र में ये कमाल किया।
Herald