इंफाल
पूर्व विश्व चैंपियन बॉक्सर एल सरिता देवी कोविड-19 वायरस से उबर चुकी हैं लेकिन अपने युवा बेटे की खातिर वह इंफाल में अपने घर से बाहर कम से कम 10 दिन तक आइसोलेशन पर रहना चाहती हैं। इस 38 वर्षीय खिलाड़ी को 17 अगस्त को उनके पति थोइबा सिंह के साथ इस घातक वायरस से संक्रमित पाया गया था। उनकी टेस्ट रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
सरिता ने कहा, ‘मैं टेस्ट रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद घर वापस आ गई। मेरे पति को पिछले सप्ताह ही छुट्टी मिल गई थी लेकिन मेरा परीक्षण पॉजिटिव आने के कारण मुझे कोविड केयर सेंटर में कुछ दिन और बिताने पड़े। ईश्वर की कृपा है कि अब मुझे छुट्टी मिल गई है।’
वह इंफाल में अपनी अकैडमी के करीब स्थित हॉस्टल में ठहरी हैं ताकि उनका सात वर्षीय पुत्र तोमथिन किसी तरह से खतरे में न आए। उनके बेटे का पिछले महीने किया गया टेस्ट निगेटिव आया था। उन्होंने कहा, ‘अगर मैं घर गई तो वह दौड़कर मेरे पास आ जाएगा और मैं जोखिम नहीं ले सकती। उसकी खातिर मैंने खुद को अकादमी हॉस्टल में आइसोलेशन में रहने का फैसला किया है।’
The post बॉक्सर सरिता देवी की कोविड-19 टेस्ट रिपोर्ट निगेटिव,अस्पताल से छुट्टी appeared first on Bhavtarini.