Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

23 बार की ग्रैंडस्लैम चैम्पियन सेरेना विलियम्स फ्रेंच ओपन से बाहर

पेरिस
सेरेना विलियम्स ने टखने की चोट के कारण बुधवार को दूसरे दौर के मैच से पहले ही फ्रेंच ओपन टेनिस टूर्नामेंट से हटने का फैसला किया। तीन हफ्ते पहले अमेरिकी ओपन के सेमीफाइनल में मिली हार के दौरान वह चोटिल हो गई थीं। तेईस बार की ग्रैंडस्लैम चैम्पियन ने कहा कि उन्हें चोट से उबरने के लिए काफी समय नहीं मिला और उन्हें चार से छह हफ्ते तक आराम करना होगा।

अमेरिका की 39 वर्षीय स्टार को एक घंटे बाद रोलां गैरां के दूसरे दोर में स्वेताना पिरोनकोवा से भिड़ना था, लेकिन उन्होंने कहा कि उन्हें चलने में भी काफी परेशानी हो रही है। सेरेना ने थोड़ा सा वॉर्म-अप किया और फिर फैसला किया कि वह खेल जारी नहीं रख पाएंगी। उनके घुटने के नीचे पैर के पिछले हिस्से से टखने तक जाने वाली मांसपेशियों में चोट है। साथ ही उन्होंने कहा कि उनके इस साल और कोई टूर्नामेंट खेलने की संभावना लगभग नहीं है।

सेरेना ने अपने कोच पैट्रिक मोराटोग्लू से बात की और कहा, ''हम दोनों ने इसके बारे में सोचा और हमने फैसला किया कि मेरे लिए आज कोशिश करना और खेलना ठीक नहीं होगा।" वर्ष 2014 में पेरिस में दूसरे दौर में हारने के बाद यह स्टार खिलाड़ी किसी भी ग्रैंडस्लैम टूर्नामेंट में इतनी जल्दी पहली बार बाहर हुई है। वह 2018 फ्रेंच ओपन में भी चौथे दौर से पहले मांसपेशियों के खिंचाव के कारण बाहर हो गई थीं जो मां बनने के बाद उनका पहला ग्रैंडस्लैम टूर्नामेंट था।

सेरेना ने कहा, ''मुझे लगता है कि मुझे चार से छह हफ्तों तक आराम करना होगा और कुछ नहीं करना होगा, कम से कम दो हफ्तों का तो आराम करना होगा।" उन्होंने कहा कि उन्हें पैदल चलने में भी परेशानी हो रही है और उन्हें इससे उबरने की कोशिश करनी चाहिए।

The post 23 बार की ग्रैंडस्लैम चैम्पियन सेरेना विलियम्स फ्रेंच ओपन से बाहर appeared first on Bhavtarini.