

स्पोर्ट्स डेस्क। आईपीएल 2020 में आखिरकार सनराइजर्स हैदराबाद ने मंगलवार को जीत के साथ अपना खाता खोल लिया। अबू धाबी में खेले गए सीजन के 11वें मुकाबले में हैदराबाद की टीम ने दिल्ली कैपिटल्स की टीम को शिकस्त दी। यह दिल्ली की इस सीजन की पहली हार भी थी। वहीं हैदराबाद की टीम अपनी गलतियों से सबक लेते हुए एक बार फिर से अपने रंग में नजर आई। टीम ने सभी क्षेत्रों में बढ़िया प्रदर्शन किया और जीत का स्वाद चखा।

मंगलवार को खेले गए मैच में सनराइजर्स हैदराबाद ने दिल्ली कैपिटल्स को 15 रन से मात दी. जीत के बाद कप्तान डेविड वार्नर ने डेथ ओवरों में गेंदबाजों के प्रदर्शन की तारीफ की. दिल्ली की बल्लेबाजी को टूर्नामेंट में सबसे मजबूत माना जा रहा है. लेकिन हैदराबाद के गेंदबाजों के आगे अंत के ओवरों में दिल्ली के ऋषभ पंत, शिमरन हेटमायेर और मार्कस स्टोइनिस जैसे बल्लेबाज रन बना ही नहीं पाए.

वार्नर ने कहा, "दुर्भाग्यवश मिशेल मार्श चोटिल हो गए और हम सोच रहे थे कि अब कैसे कुछ ओवर निकालें. युवा अभिषेक शर्मा ने अच्छी गेंदबाजी की. हमने डेथ ओवरों की गेंदबाजी पर काफी मेहनत की है. अंत के ओवरों में अच्छी गेंदबाजी की और आज सभी ने अच्छा किया. हमने जिस तरह से विकेटों के बीच में दौड़ लगाई उससे मैं खुश हूं. हम जब बाउंड्रीज नहीं मिल रही थीं तब हम तेजी से रन दौड़ रहे थे."
Herald