

स्पोर्ट्स डेस्क। भारतीय तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार ने कहा कि एक गेंदबाज को जिस गेंद को करने में महारत हासिल होती है, उसे अच्छी तरह से करना भी उतना ही महत्वपूर्ण है जितना अपनी गेंदबाजी में विविधता लाना. भुवनेश्वर 19 सितंबर से यूएई में होने वाले इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2020) में सनराइजर्स हैदराबाद की तरफ से खेलेंगे. उन्होंने कहा कि भारतीय टीम के साथ कई वर्षों के अनुभव ने एक गेंदबाज के तौर पर उन्हें बदल दिया।

भुवनेश्वर कहा, ‘मैं पिछले कुछ वर्षों में एक गेंदबाज के तौर पर निश्चित रूप से बदला हूं. सबसे महत्वपूर्ण यह है कि मैंने खेलकर अनुभव हासिल किया और गेंदबाजी की विविधताओं (वेरिएशन) को सीखा.’ उन्होंने कहा, ‘मुझे नहीं लगता कि यह हमेशा अपनी गेंदबाजी में कुछ नया जोड़ने से संबंधित है. आप जिस तरह की गेंद करने में माहिर हो, यह उसे अच्छी तरह से करने से भी जुड़ा है।

यह तेज गेंदबाज 2019 में चोटों से जूझता रहा. विश्व कप के दौरान भी वह चोटिल हो गए थे और पाकिस्तान के खिलाफ मैनचेस्टर में उन्हें मैच को बीच में छोड़ना पड़ा था. वह दक्षिण अफ्रीका और बांग्लादेश के खिलाफ घरेलू सीरीज में नहीं खेल पाए थे. उन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ टी20 सीरीज में वापसी की. जनवरी में उन्होंने हर्निया का ऑपरेशन करवाया था.
Herald