

स्पोर्ट्स डेस्क। इंडियन प्रीमियर लीग के 13वें एडिशन की तैयारी से पहले फ्रेंचाइजी टीम चेन्नई सुपर किंग्स परेशानियों का सामना कर रही है। टीम के 143 सदस्यों को कोरोना पॉजिटिव पाया गया है जिसमें दो खिलाड़ी भी शामिल हैं। अब इस खबर के सुनने के बाद विदेशी खिलाड़ियों के अंदर इसको लेकर चिंता है। लेकिन फिलहाल उनका ध्यान इंग्लैंड दौरे पर खेली जाने वाली सीमित ओवरों की सीरीज पर है। आईपीएल का आगाज यूएई में 19 सितंबर से होगा लेकिन सीएसके के दल में कोरोना वायरस के 13 पॉजिटिव मामले आए हैं जिसमें दो खिलाड़ी भी शामिल हैं।

चेन्नई की टीम से खेलने वाले ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड ने कहा कि वह टीम के साथ जुड़ने से पहले इस पर विचार करेंगे। इस वक्त पूरी टीम को क्वारंटाइन में रखा गया है और उनके प्रैक्टिस कैंप की तारीख को भी आगे बढ़ाने का फैसला लिया गया है। जोश हेजलवुड जिन्हें बीते साल दिसंबर में सुपरकिंग्स की टीम ने ऑक्शन में अपने खेमे में चुना था, उन्होंने इस बात को स्वीकार किया है कि IPL में कोविड- 19 के पॉजिटिव मामले सामने आने के बाद कंगारू खिलाड़ियों में डर बढ़ा है।

जोश हेजलवुड के अलावा डेविड वॉर्नर, स्टीव स्मिथ, पैट कमिंस और आरोन फिंच को आईपीएल में भाग लेने के लिए दुबई रवाना होना है। उन्होंने कहा कि आईपीएल में अगर कोविड-19 के मामले बढ़े तो क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (सीए) से इस मामले में चर्चा होगी। उन्होंने कहा कि हमने इस बारे में अभी ज्यादा बातचीत नहीं की है, वहां जाने में अभी कुछ सप्ताह का समय है।
Herald