

स्पोर्ट्स डेस्क। IPL 2020 में चार बार की चैंपियन टीम मुंबई इंडियंस को इस सीजन का पहला मैच बेहद मजबूत टीम चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ खेलना है। दोनों टीमों के बीच पहला मैच 19 सितंबर को होगा और इसके पहले रोहित शर्मा की अगुआई वाली मुंबई जबरदस्त तैयारी कर रही है। मैच में जीत के लिए हर टीम की तरह मुंबई को भी परफेक्ट प्लेइंग इलेवन की जरूरत होगी और कप्तान रोहित भी सबको परखने के बाद ही कोई फैसला करेंगे।

मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर के बेटे और क्रिकेटर अर्जुन तेंदुलकर दो दिन से काफी सुर्खियों में हैं। दो दिन पहले मुंबई इंडियंस के गेंदबाजों के साथ अर्जुन पूल में चिल करते हुए नजर आए। राहुल चाहर और अर्जुन ने सोशल मीडिया पर इसकी फोटो शेयर की, जिसके बाद से लोगों के मन में कई सवाल आने लगे। क्या मुंबई इंडियंस की ओर से इस बार अर्जुन खेलेंगे? वो आईपीएल ऑक्शन का हिस्सा नहीं थे, फिर भी टीम के साथ यूएई में क्या कर रहे हैं? चलिए जानते हैं इन तमाम सवालों के जवाब, जो अर्जुन को लेकर लोगों के मन में उठ रहे हैं।

2020 आईपीएल ऑक्शन में अर्जुन तेंदुलकर का नाम शामिल नहीं था। इसके बावजूद वो मुंबई इंडियंस टीम के साथ युनाइटेड अरब अमीरात (यूएई) पहुंचे हैं। दरअसल हर फ्रेंचाइजी टीम अपने साथ कुछ नेट गेंदबाजों को यूएई ले गई है और इस लिस्ट में अर्जुन भी शामिल हैं। मुंबई इंडियंस के बल्लेबाजों के लिए अर्जुन नेट पर गेंदबाजी कर रहे हैं।
Herald