

स्पोर्ट्स डेस्क। इस साल का आईपीएल शुरू होने में अब बस कुछ घंटे ही रह गए हैं। शनिवार 19 सितम्बर को इस टूर्नामेंट की दो सबसे सफल टीमों चेन्नई सुपर किंग्स और मुंबई इंडियंस के बीच मुकाबले के साथ ही आईपीएल का आगाज हो जाएगा। इस मैच में कई ऐसे खिलाड़ी हैं जिनका सभी की निगाहें होंगी। इस लिस्ट में सबसे ऊपर नाम भारत के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी और रोहित शर्मा का है। अपने ऑलराउंड खेल से टीम इंडिया में जगह पक्की कर चुके रवींद्र जडेजा के लिए भी यह मैच काफी मायने रखता है क्योंकि इस मैच में उनके नाम एक बड़ा रिकॉर्ड दर्ज हो सकता है।

रवींद्र जडेजा को कंप्लीट पैकेज माना जाता है क्योंकि वो गेंदबाजी करते हैं, बल्लेबाजी भी करते हैं और एक शानदार फील्डर हैं तो वहीं आइपीएल में भी वो एक बेहतरीन ऑलराउंडर के तौर पर उभरे हैं। सीएसके के धुरंधर खिलाड़ी बनने के लिए उन्होंने काफी लंबा रास्ता तय किया है। वो आइपीएल में अब तक 170 मैच खेल चुके हैं और उन्हें 2012 में सीएसके ने रिकॉर्ड 9.72 करोड़ रुपये में नीलामी में खरीदा था। 2019-20 सीजन में टी20 इंटरनेशनल में मजबूती से वापसी करने वाले जडेजा अब इस आइपीएल सीजन में इतिहास रचने की दहलीज पर हैं।
31 साल के जडेजा इस लीग में 2000 रन पूरा करने से सिर्फ 73 रन पीछे हैं। इस सीजन में वो जैसे ही 73 रन बनाएंगे वैसे ही वो आइपीएल इतिहास के पहले ऑलराउंडर बन जाएंगे जिसने नाम पर 2000 रन और 100 विकेट दर्ज होंगे। आइपीएल के अब तक के इतिहास में किसी भी ऑलराउंडर ने ये कमाल नहीं किया है। जडेजा आइपीएल में राजस्थान रॉयल्स, कोच्चि टस्कर्स केरला व गुजरात लायंस के लिए भी खेल चुके हैं और उनके नाम पर अब तक कुल 1927 रन व 108 विकेट दर्ज है।
Herald