

स्पोर्ट्स डेस्क। चार बार की आईपीएल चैम्पियन मुंबई इंडियंस को टूर्नामेंट के आगाज मैच में तीन बार की विजेता चेन्नई सुपर किंग्स के हाथों पांच विकेट से हार का सामना करना पड़ा। टीम ने चेन्नई के सामने 163 रनों का लक्ष्य रखा था लेकिन गेंदबाज इस स्कोर बचाव नहीं कर सके और टीम को हार नसीब हुई। चेन्नई की तरफ से अंबाती रायुडु और फाफ डु प्लेसिस ने शानदार खेल दिखाते हुए फिफ्टी जड़ी। धोनी भी काफी लंबे समय बाद बल्लेबाजी करने उतरे लेकिन अपना खाता खोले बगैर नाबाद लौटे।

मुंबई इंडियंस को पहले ही मैच में चेन्नई सुपर किंग्स के हाथों हार से करारा झटका लगा है। लेकिन ये पहली बार नहीं है, जब रोहित शर्मा की कप्तानी वाली टीम ने लीग में बेहद खराब शुरुआत की है बल्कि यूं कहा जाए कि मैच में हार के साथ आईपीएल अभियान चालू करना ही इस टीम का शगल बन गया है. अब तक 13 सीजन में से 9 बार मुंबई की टीम ने हार के साथ अपना अभियान चालू किया है.

मुंबई इंडियंस के लिए लीग में खराब शुरुआत करने का दौर आईपीएल-2013 में चालू किया था, जब उसे रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने 2 रन से शिकस्त दी थी. इसके बाद से लगातार 8 ओपनिंग मैच मुंबई गंवा चुकी है. आईपीएल-2014 में कोलकाता नाइट राइडर्स ने 41 रन से तो आईपीएल-2015 में 7 विकेट से हराया था. राइजिंग पुणे सुपरजाएंट्स ने आईपीएल-2016 में 9 विकेट से और 2017 में 7 विकेट से मुंबई को मात दी थी. आईपीएल-2018 में महेंद्र सिंह धोनी की चेन्नई सुपरकिंग्स ने 1 विकेट से हराया तो आईपीएल-2019 में दिल्ली कैपिटल्स ने 37 रन से हराया. अब आईपीएल-2020 में भी चेन्नई सुपरकिंग्स ने 5 विकेट से हराकर मुंबई का रिकॉर्ड टूटने नहीं दिया है.
Herald