Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

Serena, Thiem,मेदवेदेव और अजारेंका सेमीफाइनल में

न्यूयॉर्क। 23 बार की ग्रैंड स्लेम चैंपियन अमेरिका की सेरेना विलियम्स, पुरुषों में दूसरी सीड ऑस्ट्रिया के डोमिनिक थिएम, तीसरी वरीयता प्राप्त रुस के डेनिल मेदवेदेव और पूर्व नंबर एक बेलारुस की विक्टोरिया अजारेंका अपने-अपने मुकाबले जीतकर वर्ष के आखिरी ग्रैंड स्लेम यूएस ओपन टेनिस टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में पहुंच गए।

यहां छह बार की चैंपियन सेरेना ने एक सेट से पिछडऩे के बाद शानदार वापसी करते हुए बुल्गारिया की स्वेताना पिरोनकोवा को बुधवार को 4-6, 6-3, 6-2 से हराया। सेरेना ने जब पहला सेट गंवाया तो उलटफेर की आशंका उत्पन्न होने लगी थी लेकिन सेरेना ने अगले दो सेट में दमदार प्रदर्शन करते हुए बुल्गारियाई खिलाड़ी के सेमीफाइनल में पहुंचने के सपने को तोड़ दिया।

तीसरी वरीयता प्राप्त और विश्व की आठवें नंबर की खिलाड़ी सेरेना ने गैर वरीय पिरोनकोवा से क्वार्टरफाइनल मुकाबला दो घंटे 11 मिनट में जीता। सेरेना इस जीत के बाद अब रिकॉर्ड 24वां ग्रैंड स्लेम खिताब जीतने से दो जीत दूर रह गयी हैं।

अमेरिकी खिलाड़ी ने मैच में 20 एस और 44 विनर्स लगाए। सेरेना ने चार बार विपक्षी खिलाड़ी की सर्विस तोड़ी और दो बार अपनी सर्विस गंवाई। पिरोनकोवा ने मैच में 27 विनर्स लगाए लेकिन वह पहले सेट की लय को आगे बरकरार नहीं रख पायीं।

सेरेना अपने शानदार करियर में 14वीं बार यूएस ओपन के सेमीफाइनल में पहुंची हैं। सेरेना की अपने घरेलू ग्रैंड स्लेम में यह 106 वीं जीत थी। सेरेना का सेमीफाइनल में अजारेंका से मुकाबला होगा।

अजारेंका ने क्वार्टरफाइनल में बेल्जियम की एलिस मर्टेंस को एक घंटा 13 मिनट तक चले मुकाबले में लगातार सेटों में 6-1, 6-0 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। अजारेंका के सामने मर्टेंस बेदम नजर आयीं और उनके सामने कोई चुनौती पेश नहीं कर सकीं।(एजेंसी)