
दुबई।दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान श्रेयस अय्यर का कहना है कि टीम के ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन के अगले मैच में खेलने को लेकर फैसला टीम के फिजियो उनकी चोट का आकलन करने के बाद लेंगे।
अश्विन को रविवार को किग्स इलेवन पंजाब के खिलाफ मैच के दौरान चोट लग गयी थी। अश्विन ने मुकाबले में एक ही ओवर डाला था और उन्हें खुद के ओवर की अंतिम गेंद पर चोट लग गयी थी जिसके बाद वह मैदान से बाहर चले गए थे। अश्विन ने दिल्ली के खिलाफ एक ओवर में दो रन देकर दो विकेट लिए थे।
श्रेयस का कहना है कि अश्विन ने उनसे कहा है कि वह अगले मुकाबले में खेलने के लिए तैयार हैं लेकिन उनके अगले मुकाबले में खेलने को लेकर अंतिम फैसला फिजियो लेंगे। गौरतलब है कि पंजाब और दिल्ली के बीच यह मुकाबला टाई रहा था और मैच का फैसला सुपर ओवर में हुआ जहां पंजाब को हार का सामना करना पड़ा था।दिल्ली का अगला मुकाबला 25 सितंबर को चेन्नई सुपर किग्स के साथ दुबई में खेला जाएगा।(एजेंसी)