
नयी दिल्ली।गृह मंत्रालय ने बुधवार को अपने ताजा निर्देश में देश भर में 15 अक्टूबर से तरणताल (स्वीमिग पूल) खोलने की घोषणा की जो भारतीय तैराकी जगत के लिये काफी सकारात्मक खबर है।
कोविड-19 महामारी के कारण लगे लॉकडाउन के कारण 24 मार्च के बाद से ही देश भर के सारे स्विमिग पूल बंद थे जिसने ओलंपिक के लिये क्वालीफाई करने की कोशिशों में जुटे तैराकों को संयुक्त अरब अमीरात में ट्रेनिग करने के लिये बाध्य कर दिया। गृह मंत्रालय ने ताजा आदेश में कहा, ''खिलाड़ियों की ट्रेनिग के लिये इस्तेमाल किये जाने वाले स्विमिग पूल को खोलने की अनुमति दी जाती है जिसके लिये खेल मंत्रालय द्बारा जारी मानक परिचालन प्रक्रिया जारी की जायेगी।
तैराकों की लगातार शिकायतों के बाद भारतीय खेल प्राधिकरण ने अगस्त में दुबई में ट्रेनिग शिविर आयोजत किया था जिसमें वीरधवल खाड़े, श्रीहरि नटराज, साजन प्रकाश और कुशाग्र रावत को हिस्सा लेना था। खाड़े ने इससे हटने का फैसला किया था बल्कि उन्होंने हाल में कहा था कि वह अपनी सरकारी नौकरी पर ध्यान लगा रहे हैं।
तैराकों को दुबई की एक्वा नेशन स्विमिग अकादमी में ट्रेनिग करनी थी। उन्हें तोक्यो ओलंपिक से पहले दो महीने के लिये कोच ए सी जयराजन के साथ वहां जाना था जिसका खर्चा 35 लाख रूपये के करीब होता।(एजेंसी)