

स्पोर्ट्स डेस्क। आईपीएल 2020 का रोमांच अपने चरम पर है। यूएई में खेले जा रहे चर्चित टी-20 लीग में अब प्लेऑफ की दौड़ बेहद रोमांचक हो गई है। टूर्नामेंट में 50 लीग मुकाबले खेले जा चुके हैं और अभी तक सिर्फ मुंबई इंडियंस ही प्लेऑफ में अपनी जगह पक्की कर पाई है। लेकिन अन्य तीन स्थानों के लिए छह टीमें दावेदार हैं।

किंग्स इलेवन पंजाब के खिलाफ राजस्थान रॉयल्स की जीत ने प्लेऑफ की लड़ाई को बेहद दिलचस्प बना दिया है. पंजाब के लिए लगातार पांच मैचों में जीत का सिलसिला थम गया है. ऐसे में अब उनके लिए आखिरी चार में पहुंचना आसान नहीं होगा. उधर राजस्थान की जीत से सनराइजर्स हैदराबाद और कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए भी उम्मीदें जग गई हैं. मुंबई इंडियंस की टीम पहले ही प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई कर चुकी है. ऐसे में अब 3 जगहों के लिए 6 टीमों के बीच घमासान जारी है.

पंजाब के खिलाफ जीत से राजस्थान की प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीदें बरकरार हैं. राजस्थान के लिए आखिरी मैच जीतकर भी प्लेऑफ में पहुंचना तय नहीं है. उन्हें दूसरी टीमों के नतीज़ों पर निर्भर रहना होगा. राजस्थान के लिए सबसे बेहतर समीकरण अब ये है कि पंजाब अपना आखिरी मैच हार जाए और सनराइजर्स को एक से ज्यादा मैचों में जीत न मिले ऐसे में बिना नेट रनरेट के भी 14 अंकों के साथ राजस्थान की टीम प्लेऑफ में पहुंच सकती है.
Herald