

स्पोर्ट्स डेस्क। किंग्स इलेवन पंजाब के कप्तान लोकेश राहुल ने कहा है कि रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ मिली करीबी जीत से टीम के खिलाड़ियों को आत्मविश्वास मिलेगा. साथ ही कहा है कि उनकी टीम अंकतालिका में जिस स्थान पर काबिज है, हकीकत में उससे बेहतर है. आईपीएल में पंजाब को दो जीतें मिली हैं और दोनों जीतें उसे बेंगलुरु के खिलाफ ही मिली हैं. राहुल ने मैच के बाद कहा, 'अंकतालिका में हम जिस स्थान पर हैं हकीकत में उससे बेहतर हैं. आखिरी में यह मैच काफी करीबी हो गया था, लेकिन जीत कर हम खुश हैं.'

राहुल ने इस मैच में 49 गेंदों पर नाबाद 61 रनों की पारी खेली. इस पारी के लिए उन्हें 'मैन ऑफ द मैच' चुना गया. उन्हीं के दम पर टीम ने आठ विकेट से जीत हासिल की. आखिरी के ओवर में मैच रोमांचक हो गया था और लग रहा था कि पंजाब को एक और सुपर ओवर खेलना होगा. मुंबई इंडियंस लगातार पांच मैचों में जीत से बेहद मजबूत नजर आ रहा है, लेकिन इंडियन प्रीमियर लीग में रविवार (18 अक्टूबर) को होने वाले मैच में किंग्स इलेवन पंजाब के खिलाफ उसे आत्ममुग्धता से बचना होगा, क्योंकि क्रिस गेल की वापसी से उसके इस प्रतिद्वंद्वी में नया उत्साह जगा है. मुंबई एक जीत से प्लेऑफ के बेहद करीब पहुंच जाएगा, जबकि पंजाब एक और हार से दौड़ से बाहर हो सकता है. मैच भारतीय समयानुसार शाम सात बजकर 30 मिनट से शुरू होगा और दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा.

मुंबई अपनी दमदार बल्लेबाजी और घातक गेंदबाजी से विरोधी टीमों की चुनौती से आसानी से पार पा रहा है. पिछले मैच में उसने कोलकाता नाइट राइडर्स को आठ विकेट से करारी शिकस्त दी थी. अंकतालिका में शीर्ष पर काबिज मुंबई के शीर्ष क्रम के बल्लेबाज कप्तान रोहित शर्मा (251 रन) और उनके सलामी जोड़ीदार क्विंटन डिकॉक (269 रन) अच्छी लय में है, जबकि मध्यक्रम में सूर्यकुमार यादव (243 रन) और इशान किशन (186 रन) भी अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं. गेंदबाजी में जसप्रीत बुमराह और ट्रेंट बोल्ट अभी आईपीएल की सबसे सफल गेंदबाजी जोड़ी के रूप में सामने आये हैं. उन्होंने आठ मैचों में 12-12 विकेट लिए हैं. स्पिन विभाग में युवा राहुल चाहर ने प्रभावशाली गेंदबाजी की है.
Herald