

स्पोर्ट्स डेस्क। आईपीएल के 13वें सीजन का 33वां मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के नाम रहा. शनिवार को दुबई में उसने राजस्थान रॉयल्स (RR) को 7 विकेट से मात दी. आरसीबी ने 19.4 ओवरों में 179/3 बनाकर जीत का लक्ष्य हासिल कर लिया. बेंगलुरु की जीत के हीरो रहे एबी डिविलियर्स, जिन्होंने 22 गेंदों पर नाबाद 55 रनों की पारी खेली. डिविलियर्स की पारी में 6 छक्के शामिल रहे.

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने मौजूदा सीजन में छठी जीत हासिल की और उसके 12 अंक हो गए. मैच के बाद डिविलियर्स ने कहा, ‘मैं बेहद खुश हूं. मुझे लगता है कि हमने 15-20 रन ज्यादा दे दिए थे. मैंने और विराट ने बात की थी कि हमें कुछ साझेदारियों की जरूरत है. मैं घबराया हुआ था. मैं अन्य खिलाड़ियों की तरह ही दबाव में था.

मैं टीम के लिए अच्छा करना चाहता था और टीम के मालिकों को बताना चाहता था कि मैं यहां अच्छी वजह से हूं. साथ ही दोस्तों, परिवार को, खुद को भी’.उन्होंने कहा, ‘पिछले मैच में मैंने अपनी जिम्मेदारी उस तरह से नहीं निभाई थी, जिस तरह से निभानी चाहिए थी. लेकिन इस बार मैंने किया’.
Herald