

स्पोर्ट्स डेस्क। आईपीएल के 13वें सीजन में रविवार को डबल हेडर (एक दिन में 2 मैच) है। पहले दुबई में दोपहर 3:30 बजे रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच मुकाबला होगा। इसके बाद शाम 7:30 बजे अबु धाबी में राजस्थान रॉयल्स और मुंबई इंडियंस की टीम आमने-सामने होगी।सीजन के 44वें मुकाबले में विराट कोहली की कप्तानी वाली बेंगलुरु का मुकाबला महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी वाली चेन्नई से होगा। बेंगलुरु इस मैच को जीतकर प्लेऑफ में अपनी जगह पक्की करना चाहेगा। वहीं, चेन्नई अपने बचे मैच जीतकर पॉइंट्स टेबल में अपनी स्थिति सुधारना चाहेगी।

महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी वाली चेन्नई ने लगातार दो बार 2010 और 2011 में खिताब जीता था। पिछली बार यह टीम 2018 में चैम्पियन बनी थी। वहीं चेन्नई पांच बार( 2008, 2012, 2013, 2015 और 2019) आईपीएल की रनरअप भी रही। वहीं, आरसीबी ने 2009 में अनिल कुंबले और 2011 में डेनियल विटोरी की कप्तानी में फाइनल खेला था। 2016 में विराट की कप्तानी में भी टीम फाइनल में पहुंची।

आईपीएल इतिहास में मुंबई ने सबसे ज्यादा 4 बार (2019, 2017, 2015, 2013) खिताब जीता है। पिछली बार उसने फाइनल में चेन्नई को 1 रन से हराया था। मुंबई ने अब तक 5 बार फाइनल खेला है। वहीं, राजस्थान ने आईपीएल का पहला सीजन अपने नाम किया था।
Herald