

स्पोर्ट्स डेस्क। आईपीएल के 13वें सीजन के 50वें मैच में किंग्स इलेवन पंजाब को भले ही राजस्थान रॉयल्स के हाथों 7 विकेट से हार का सामना करना पड़ा हो, लेकिन राजस्थान के खिलाफ 99 रनों की आतिशी पारी खेलने वाले क्रिस गेल खूब वाहवाही बटोर रहे हैं। भारत के पूर्व सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग ने क्रिस गेल की जमकर तारीफ की है और उनको एंटरटेनमेंट का बाप बताया है।

RR के खिलाफ आबुधाबी में खेले गए मैच में क्रिस गेल ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए महज 63 गेंदों में 6 चौके और 8 लंबे छक्कों की मदद से 99 रनों की तूफानी पारी खेली। टीम इंडिया के पूर्व सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग क्रिस गेल की इस पारी के फैन हो गए हैं और उन्होंने गेल की तारीफ करते हुए ट्विटर पर लिखा, 'टी20 का ब्रैडमैन -क्रिस गेल, बिना किसी संदेह के अभी तक हुए महानतम बल्लेबाज क्रिस गेल। एंटरटेनमेंट का बाप।

गेल अबतक इस सीजन पहले ही मैच से जबर्दस्त फॉर्म में दिखाई दिए हैं, पंजाब की टीम ने गेल को शुरुआती मैचों में प्लेइंग XI में शामिल नहीं किया था। गेल ने आईपीएल 2020 में खेले 6 मैचों में अबतक 144.50 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए 276 रन बनाए हैं। राजस्थान के खिलाफ खेले गए मैच में गेल ने टी20 क्रिकेट में अपने 1000 सिक्स भी पूरे किए, वो ऐसा करने वाले पहले बल्लेबाज हैं।
Herald