

स्पोर्ट्स डेस्क। हैदराबाद ने राजस्थान को 8 विकेट से मात दी. सनराइजर्स की यह 10 मैचों में चौथी जीत है और उसके राजस्थान रॉयल्स के बराबर 8 पॉइंट हो गए हैं. राजस्थान रॉयल्स के भी आठ अंक हैं, लेकिन वह अंकतालिका में सातवें नंबर पर है. राजस्थान ने हैदराबाद से एक मैच अधिक खेला है और इसलिए प्लेऑफ की उसकी राह अधिक मुश्किल हो गई.
इस मैच से पहले दोनों टीमों के खिलाड़ी ने एक खास चैलेंज लिया था. सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स के बीच मैच से पहले राहुल तेवतिया और विजय शंकर ने ब्रेक द बियर्ड चैलेंज लिया. ब्रेक द बियर्ड चैलेंज के बाद इन दोनों खिलाड़ियों का नया लुक भी सामने आया. इस नए लुक के साथ विजय शंकर में नया कॉन्फिडेंस भी मैदान पर दिखाई दिया.
विजय शंकर ने मैदान पर मनीष पांडे का बखूबी साथ निभाया. दोनों खिलाड़ियों के बीच अटूट शतकीय साझेदारी हुई. मनीष पांडे ने 47 गेंदों पर चार चौकों और आठ छक्कों की मदद से नाबाद 83 रन बनाए. वहीं शंकर ने 51 गेंदों पर नाबाद 52 रन की पारी खेली. इन दोनों खिलाड़ियों ने तीसरे विकेट के लिए 140 रन जोड़कर अपनी टीम को 18.1 ओवर में दो विकेट पर 156 रन तक पहुंचाया.
Herald