

स्पोर्ट्स डेस्क। इंडियन प्रीमियर लीग के 13वें सीजन में चेन्नई सुपर किंग्स के लिए कुछ भी अच्छा नहीं होता दिख रहा है। शनिवार को खेले गए मुकाबले में टीम को दिल्ली कैपिटल्स के हाथों 5 विकेट से हार का सामना करना पड़ा था। मैच के दौरान चोटिल होने के चलते ड्वेन ब्रावो मैदान पर वापिस नहीं लौट सके थे, जिसके चलते कप्तान धोनी को मैच का आखिरी ओवर जडेजा से करवाना पड़ा था जो टीम की हार की अहम वजह भी रहा था। ब्रावो की इंजरी के ऊपर चेन्नई सुपर किंग्स के कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने बड़ा अपडेट दिया है।

मुख्य कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने कहा है कि चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के डेथ ओवरों की गेंदबाजी के विशेषज्ञ ड्वेन ब्रावो ग्रोइन की चोट के कारण ‘कुछ दिनों या कुछ हफ्तों’ के लिए इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) से लगभग बाहर हो गए हैं. ब्रावो शनिवार को दिल्ली कैपिटल्स (DC) के खिलाफ अंतिम ओवर में गेंदबाजी नहीं कर पाए, जिसमें विरोधी टीम ने जरूरी 17 रन बनाकर जीत दर्ज की.

फ्लेमिंग ने कहा, ‘ऐसा लगता है कि उसकी (ब्रावो की) दाईं ग्रोइन में चोट है, बेशक यह इतनी गंभीर है कि वह दोबारा गेंदबाजी के लिए मैदान पर नहीं आ पाए, वह निराश हैं कि अंतिम ओवर नहीं फेंक पाए.’
Herald