

स्पोर्ट्स डेस्क । आईपीएल के 13वें सीजन में आज डबल हेडर (एक दिन में 2 मैच) है। पहला मैच दोपहर साढ़े 3 बजे से राजस्थान रॉयल्स (RR) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के बीच दुबई में खेला जाएगा। इसके बाद शाम साढ़े 7 बजे शारजाह में दिल्ली कैपिटल्स (DC) और चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) आमने-सामने होगी। शारजाह क्रिकेट स्टेडियम में शनिवार को शानदार फॉर्म में चल ही दिल्ली कैपिटल्स को चेन्नई का सामना करना है और इस मैच में चेन्नई की चुनौती दिल्ली के लिए आसान नहीं होगी। महेंद्र सिंह धौनी ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ तीन स्पिनर उतारे थे। उनका यह मूव सफल भी रहा था और टीम को जीत मिली थी।

धौनी धीमी होती पिचों पर एक अलग कप्तान होते हैं। उन्हें पता है कि इन पिचों पर क्या करना है। टूर्नामेंट अब उसी तरफ बढ़ चुका है जहां अधिकतर धीमी पिचें ही देखने को मिल रही हैं। ऐसे में चेन्नई बाकी टीमों पर भी हावी हो सकती है। उसके पास रवींद्र जडेजा, पीयूष चावला, कर्ण शर्मा, इमरान ताहिर के रूप मे चार बेहतरीन स्पिनर हैं। ताहिर अभी तक नहीं खेले हैं। वहीं ड्वेन ब्रावो और शेन वॉटसन भी इस तरह की पिचों पर बेहद खतरनाक साबित होते हैं।

आपको बता दे की शारजाह की पिच पर शुरुआत में रन बनाना आसान था, लेकिन अब यह पिच धीमी हो गई है जो चेन्नई के लिए वरदान सा है। कम से कम पिछले कुछ मैचों में तो यही देखने को मिला है। दिल्ली के लिए शिखर धवन, पृथ्वी शॉ और बाकी के बल्लेबाज किस तरह से इस स्थिति से निपटते हैं यह देखना होगा। कप्तान श्रेयर अय्यर पिछले मैच में चोटिल हो गए थे। उनकी जगह धवन ने कप्तानी की थी। मैच के बाद धवन ने कहा था कि अय्यर की चोट को लेकर बाद में पता चलेगा।
Herald