
मेलबर्न।भारत के खिलाफ श्रृंखला के लिये आस्ट्रेलिया ने युवा हरफनमौला कैमरन ग्रीन को अपनी टी2० और एक दिवसीय क्रिकेट टीम में शामिल किया है जबकि बिग बैश लीग में शानदार प्रदर्शन के चलते मोइजेस हेनरिक्स ने तीन साल बाद राष्ट्रीय टीम में वापसी की ।
भारतीय टीम टेस्ट श्रृंखला से पहले आस्ट्रेलिया में तीन वनडे (27 नवंबर, 29 नवंबर , दो दिसंबर) और तीन टी2० (4, 6 , 8 दिसंबर) खेलेगी । क्रिकेट आस्ट्रेलिया के मुख्य चयनकर्ता ट्रेवर होंस ने कहा ,'' कैमरन का घरेलू फार्म शानदार रहा है । भविष्य के खिलाड़ी के रूप में उसके लिये यह श्रृंखला सीखने का मौका होगी । आस्ट्रेलिया ने सीमित ओवरों की टीम में बल्लेबाजी हरफनमौलाओं को तरजीह दी है ।
ग्रीन का चयन तय ही माना जा रहा था । हाल ही में आस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान ग्रेग चैपल ने कहा था कि उन्होंने रिकी पोंटिग के बाद पहली बार इतना प्रतिभाशाली क्रिकेटर देखा है । वहीं हेनरिक्स की कप्तानी में सिडनी सिक्सर्स ने बिग बैश लीग खिताब जीता । उनका स्ट्राइक रेट 15० के करीब था । इंडियन प्रीमियर लीग के दौरान चोटिल हुए मिशेल मार्श के नाम पर विचार नहीं किया गया लेकिन वह टेस्ट श्रृंखला से पहले ए टीम में लौट सकते हैं ।
आस्ट्रेलिया वनडे और टी2० टीम : आरोन फिच (कप्तान), सीन एबोट, एश्टोन एगर, एलेक्स कारे, पैट कमिस, कैमरन ग्रीन, जोश हेजलवुड, मोइजेस हेनरिक्स, मार्नस लाबुशेन, ग्लेन मैक्सवेल, डेनियल सैम्स, केन रिचर्डसन, स्टीवन स्मिथ , मिशेल मार्श, मार्कस स्टोइनिस, मैथ्यू वेड, डेविड वार्नर, एडम जाम्पा ।