
दुबई।सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान डेविड वार्नर आईपीएल के इतिहास में 5० रन से अधिक का 5० वां स्कोर बनाने वाले पहले खिलाड़ी बन गए हैं। वार्नर ने किग्स इलेवन पंजाब के खिलाफ 52 रन की पारी खेली थी और यह उनका आईपीएल में 5० से अधिक का 5०वां स्कोर था। उन्होंने पंजाब के खिलाफ नौ बार अर्धशतक लगाया है जो अपने आप में एक रिकॉर्ड है। वार्नर ने 132 पारियों में यह कारनामा किया है। इस सूची में उनके बाद रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के कप्तान विराट कोहली हैं जिनके नाम 174 पारियों में 5० से अधिक के 42 स्कोर हैं।
चेन्नई सुपर किग्स के ऑलराउंडर सुरेश रैना और मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा ने 189 पारियों में 39-39 बार 5० से ज्यादा स्कोर बनाए हैं। मिस्टर 36० डिग्री के नाम से मशहूर बेंगलुरु के एबी डीविलियर्स ने 147 पारियों में 38 बार 5० से ज्यादा रन बनाए हैं।
वार्नर आईपीएल के पहले ऐसे बल्लेबाज हैं जिन्हें तीन बार ऑरेंज कैप मिली है। सत्र में सर्वाधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी को ऑरेंज कैप दी जाती है। पिछले साल वार्नर ने 12 मैचों में 69.2० के औसत तथा 143.86 के स्ट्राइक रेट से 692 रन बनाए थे और ऑरेंज कैप हासिल की थी। इससे पहले 2०16 में भी उन्हें यह पुरस्कार दिया गया था और उस सत्र में हैदराबाद ने पहली बार आईपीएल का खिताब भी जीता था।(एजेंसी)