
दुबई। चेन्नई सुपर किग्स के कप्तान महेंद्र सिह धोनी के धुरंधर शुक्रवार को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ होने वाले आईपीएल मुकाबले में वापसी करने के लक्ष्य के साथ उतरेंगे जबकि डेविड वार्नर की हैदराबाद टीम जीत की लय बरकरार रखना चाहेगी।
चेन्नई को पिछले दो मुकाबले में लगातार हार का सामना करना पड़ा था और टीम एक सप्ताह के ब्रेक के बाद अपना चौथा मुकाबला खेलने जा रही है। चेन्नई को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ पिछले मुकाबले हार का सामना करना पड़ा था जबकि हैदराबाद ने अपने पिछले मुकाबले में दिल्ली को 15 रन से हराया था। हैदराबाद ने इस तरह टूर्नामेंट में अपनी पहली जीत का स्वाद चखा था।
चेन्नई तीन मैचों में एक जीत और दो हार के साथ दो अंक लेकर अंक तालिका में सबसे नीचे आठवें स्थान पर है जबकि हैदराबाद भी एक जीत और दो हार के साथ दो अंक पाकर सातवें नंबर पर है। चेन्नई ने गत चैंपियन मुंबई इंडियंस को पराजित कर अपने अभियान की विजयी शुरुआत की थी लेकिन इसके बाद वो अगले दो मुकाबलों में पिछड़ गयी और अपनी लय गंवा बैठी।
हैदराबाद की शुरुआत हार के साथ हुई थी और उसे पहले मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के हाथों पराजय का सामना करना पड़ा था। दूसरे मैच में उसे कोलकाता नाइट राइडर्स ने परास्त किया था। हालांकि पिछले मुकाबले में हैदराबाद ने लगातार दो मैच जीत चुकी दिल्ली को हराकर पहली जीत का स्वाद चखा था।(एजेंसी)