Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

IPL13: हैदराबाद को पस्त कर मुंबई चोटी पर

शारजाह। मुंबई इंडियंस के बल्लेबाजों ने शारजाह के छोटे मैदान और मनमाफिक पिच का पूरा फायदा उठाते हुए सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ रविवार को 2० ओवर में पांच विकेट पर 2०8 रन का बड़ा स्कोर बनाया और फिर हैदराबाद को 2० ओवर में सात विकेट पर 174 रन पर रोककर मुकाबला 34 रन से जीत लिया।

मुंबई ने आईपीएल 13 में तीसरी जीत के साथ अंक तालिका में पहला स्थान हासिल कर लिया। मुंबई की पांच मैचों में यह तीसरी जीत है और उसके छह अंक हो गए हैं। हैदराबाद को पांच मैचों में तीसरी हार का सामना करना पड़ा और वह अब तालिका में छठे स्थान पर है।

मुंबई का 2०8 का स्कोर शारजाह के इस मैदान पर आईपीएल में लगातार सातवां 2०० से ऊपर का स्कोर रहा लेकिन हैदराबाद 2०० का आंकड़ा पार करने में विफल रही और उसे हार का सामना करना पड़ा। मुंबई की पारी में 14 छक्के लगे जबकि हैदराबाद की पारी में मात्र सात छक्के लगे। दोनों टीमों के बीच जीत-हार का यही अंतर रहा। मुंबई के ट्रेंट बोल्ट को 28 रन पर दो विकेट के लिए प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।

मुंबई के कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। रोहित हालांकि छह रन बनाकर पहले ओवर में आउट हो गए लेकिन उसके बाद सभी बल्लेबाजों ने जमकर रन बटोरे। सलामी बल्लेबाज क्विटन डी कॉक ने 39 गेंदों पर चार चौकों और चार छक्कों की मदद से सर्वाधिक 67 रन बनाये। डी कॉक को 16 के स्कोर पर मनीष पांडेय ने जीवनदान दिया और अंत में यह जीवनदान हैदराबाद को काफी महंगा साबित हुआ।

सूर्यकुमार यादव ने 18 गेंदों में छह चौकों की मदद से 27 रन बनाये। ईशान किशन ने 23 गेंदों में एक चौके और दो छक्कों के सहारे 31 रन बनाये। हार्दिक पांड्या ने 19 गेंदों पर 28 रन में दो चौके और दो छक्के उड़ाए। कीरोन पोलार्ड ने 13 गेंदों पर नाबाद 25 रन में तीन छक्के उड़ाए। अंतिम ओवर में उतरे क्रुणाल पांड्या ने चार गेंदों में दो चौके और दो छक्के उड़ाते हुए नाबाद 2० रन ठोक डाले।

पारी के आखिरी ओवर में 21 रन गए और मुंबई का स्कोर 2०8 रन पहुंच गया। शारजाह में लगातार सातवीं पारी में 2०० से ऊपर का स्कोर बना। हैदराबाद की तरफ से संदीप शर्मा ने 41 रन पर दो विकेट, सिद्धार्थ कौल ने 64 रन लुटाकर दो विकेट और राशिद खान ने 22 रन पर एक विकेट लिया। हैदराबाद ने इस मुकाबले में चोटिल भुवनेश्वर कुमार और खलील अहमद की जगह संदीप शर्मा और सिद्धार्थ कौल को टीम में शामिल किया था लेकिन दोनों गेंदबाज दो-दो विकेट लेने के बावजूद महंगे साबित हुए।

हैदराबाद की तरफ से कप्तान डेविड वार्नर ने 44 गेंदों में पांच चौकों और दो छक्कों की मदद से सर्वाधिक 6० रन बनाये। जानी बेयरस्टो ने 15 गेंदों में दो चौकों और दो छक्कों की मदद से 25 तथा मनीष पांडेय ने 19 गेंदों में चार चौकों और एक छक्के के सहारे 3० रन बनाये। केन विलियम्सन तीन और प्रियम गर्ग पांच रन बनाकर आउट हुए। अभिषेक शर्मा 1० और अब्दुल समद 2० रन बनाकर आउट हुए। समद ने नौ गेंदों में एक चौका और दो छक्के लगाए। समद ने अपने दोनों छक्के बुमराह की गेंदों पर मारे।

हैदराबाद की टीम एक समय 1०वें ओवर में एक विकेट पर 94 रन बनाकर अच्छी स्थिति में थी लेकिन इसके बाद उसकी पारी लड़खड़ा गयी। मनीष 94 के स्कोर पर, विलियम्सन 116 पर, प्रियम 13० पर और वार्नर 142 के स्कोर पर आउट हुए। वार्नर के आउट होते ही हैदराबाद की चुनौती भी समाप्त हो गयी। मुंबई की तरफ से जसप्रीत बुमराह ने 41 रन पर दो विकेट, जेम्स पेटिनसन ने 29 रन पर दो विकेट और ट्रेंट बोल्ट ने 28 रन पर दो विकेट लिए।(एजेंसी)