
दुबई। सनराइजर्स हैदराबाद से हारने के बाद दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान श्रेयस अय्यर ने कहा कि यह मैच पावरप्ले में ही हाथ से निकल गया था टीम इस हार से प्रेरणा लेकर आगे के मैच जीतेगी। सनराइजर्स हैदराबाद ने मंगलवार को दिल्ली कैपिटल्स को आईपीएल मुकाबले में 88 रन के बड़े अंतर से हराया।
हैदराबाद ने टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करते 2० ओवर में दो विकेट पर 219 रन का विशाल स्कोर बनाया। बड़े स्कोर के दबाव में दिल्ली मुकाबले में नहीं खड़ी हो पायी और 19 ओवर में 131 रन ही बना सकी। दिल्ली को इस तरह लगातार तीसरी हार का सामना करना पड़ा। दिल्ली की टीम इससे पहले कोलकाता नाईट राइडर्स और किग्स इलेवन पंजाब से हारी थी।
श्रेयस ने कहा, ''निश्चित तौर पर यह हमारे लिये एक बड़ा नुकसान है लेकिन आप इस मोड़ पर हार नहीं मान सकते। हमारे पास अभी भी दो मैच हैं जिनमें से एक में जीत है। हम पिछले तीन मैचों से जीत का इंतजार कर रहे हैं। लगातार हार से निश्चित तौर पर हमारे ऊपर दबाव बन गया है। टीम के खिलाड़ी बहुत मजबूत और प्रेरणा से भरे हुये हैं और यह हार निश्चित तौर पर हमें प्रेरित करने वाला है। हमने पावरप्ले में ही यह मैच खो दिया था।
उन्होंने कहा, ''हमें मजबूत और सकारात्मक मानसिकता की आवश्यकता है। ये हार हमें झुका नहीं सकते। एक टीम के रूप में हम अच्छा कर रहे हैं इसलिए इन कुछ मैचों का हमारे दिमाग पर असर नहीं होना चाहिए। अगले मैच में हम इस पर काम करेंगे।(एजेंसी)