

स्पोर्ट्स डेस्क। आईपीएल के 13वें सीजन में रविवार को डबल हेडर (एक दिन में 2 मैच) है। पहले दुबई में दोपहर 3:30 बजे रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच मुकाबला होगा। इसके बाद शाम 7:30 बजे अबु धाबी में राजस्थान रॉयल्स और मुंबई इंडियंस की टीम आमने-सामने होगी। शाम को लीग के 45वें मैच में राजस्थान का मुकाबला टॉप पर चल रही मुंबई से होगा। मुंबई के पास भी इस मैच को जीतकर प्ले-ऑफ में अपनी जगह पक्का करने मौका होगा। वहीं, टूर्नामेंट में बने रहने के लिए राजस्थान को यह मैच हर हाल में जीतना होगा।

राजस्थान में कप्तान स्टीव स्मिथ और बेन स्टोक्स 12.50 करोड़ रुपए कीमत के साथ सबसे महंगे प्लेयर हैं। वहीं, मुंबई में कप्तान रोहित शर्मा सबसे महंगे खिलाड़ी हैं। टीम उन्हें एक सीजन का 15 करोड़ रुपए देगी। उनके बाद टीम में हार्दिक पंड्या का नंबर आता है, उन्हें सीजन के 11 करोड़ रुपए मिलेंगे।

सीजन के 20वें मैच में मुंबई ने राजस्थान को अबु धाबी में 57 रन से हराया था। मुंबई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 4 विकेट पर 193 रन बनाए थे। जवाब में राजस्थान 136 रन पर ऑल आउट हो गई थी। मुंबई इंडियंस पॉइंट्स टेबल में 14 पॉइंट्स के साथ नंबर एक पर है। उसने सीजन में 10 में से 7 मैच जीते और 3 हारे हैं। वहीं, राजस्थान 8 पॉइंट्स के साथ 7वें स्थान पर है। उसने 11 में से सिर्फ 4 मैच जीते और 7 हारे हैं।
Herald