

स्पोर्ट्स डेस्क। किंग्स इलेवन पंजाब (KXIP) ने लगातार पांचवीं जीत के बाद कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) को फंसा दिया है. अब आईपीएल के प्लेऑफ (playoffs) में पहुंचने के लिए केकेआर को बाक़ी बचे मैचों में अच्छी किस्मत और शानदार प्रदर्शन की जरूरत है. मौजूदा सीज़न के शुरुआती मैचों में अच्छा प्रदर्शन करने वाली केकेआर अब पॉइंट्स टेबल में पांचवें नंबर पर खिसक गई है

कोलकाता नाइटराइडर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 150 रन का लक्ष्य दिया था जिसे पंजाब की टीम ने 18.5 ओवरों में दो विकेट पर हासिल कर लिया। हालांकि पंजाब ने कप्तान लोकेश राहुल (28) का विकेट आठवें ओवर में गिरा दिया था लेकिन तीन दिन पहले पिता के निधन के बावजूद आईपीएल में खेल रहे मनदीप सिंह (66*) ने एक छोर संभाल लिया। उनके साथ दूसरे छोर पर ‘यूनिवर्स बॉस’ क्रिस गेल खड़े थे। दस रन प्रति ओवर की रनरेट की जरूरत थी लेकिन गेल ने पहले समय लिया और फिर गियर बदल दिया। उन्होंने 29 गेंदों की पारी में दो चौके और पांच छक्के लगाए और यह सुनिश्चित किया कि टीम आसानी से जीतने में सफल रहे।
पॉइंट्स टेबल पर नजर डालें तो तीन टीमें फिलहाल 14-14 अंकों पर अटकी हैं. मुंबई इंडियंस टॉप पर है. दूसरे नंबर पर दिल्ली कैपिट्लस है. जबकि तीसरे नंबर पर विराट कोहली की टीम रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर है. इन टीमों को अभी 3-3 मैच और खेलने हैं. ऐसे में इनका आखिरी चार में पहुंचना लगभग तय है. लगातार पांच मैचों में जीत के बाद पंजाब की टीम पॉइंट्स टेबल में अब चौथे नंबर पर पहुंच गई है. पंजाब के लिए बस खतरे की बात ये है कि उनका नेट रनरेट माइनस (0.049) में है. यानी उन्हें प्लेऑफ में पहुंचने के लिए अपने बाकी बचे दोनों मैच जीतने होंगे. फिलहाल पंजाब के 12 अंक हैं. ऐसे में दो और जीत से उनके खाते में 16 अंक हो जाएंगे और वो सीधे आखिरी चार में पहुंच सकते हैं. यानी उन्हें दूसरों की नतीजों पर निर्भर नहीं रहना होगा.
Herald