

स्पोर्ट्स डेस्क। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 13वें सीजन के 19वें मैच में दिल्ली कैपिटल्स ने रॉयल चैलेंजर्स बंगलौर को 59 रन से हरा दिया। इस जीत के साथ ही दिल्ली की टीम अंक तालिका में टॉप पर पहुंच गई। उसके 8 अंक हो गए हैं। आरसीबी ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया। दिल्ली ने उसे 197 रनों का लक्ष्य दिया। जवाब में आरसीबी की टीम 20 ओवर में 9 विकेट पर 137 रन ही बना सकी। दिल्ली के लिए मैच के हीरो मार्कस स्टोइनिस और कगिसो रबाडा बने। रबाडा ने 4 ओवर में 24 रन देकर 4 विकेट लिए। मार्कस स्टोइनिस ने बल्लेबाजी में हाथ दिखाते हुए तूफानी अर्धशतक लगाया। दिल्ली के गेंदबाजों ने आरसीबी के धुरंधर बल्लेबाजों को चलने नहीं दिया।

रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के कप्तान विराट कोहली ने दिल्ली कैपिटल्स के हाथों इंडियन प्रीमियर लीग में 59 रन से मिली हार के लिए खराब क्षेत्ररक्षण को दोषी ठहराते हुए कहा कि कैच छोड़ने से मैच नहीं जीते जा सकते। कोहली ने माना कि बीच के ओवरों में अच्छी गेंदबाजी के बाद उन्होंने दिल्ली के बल्लेबाजों को खुलकर रन बनाने का मौका दिया। कोहली ने कहा, ‘चीजें हमारे पक्ष में नहीं रहीं। उनकी शुरुआत शानदार रही और फिर अगले आठ ओवर में हम वापसी करने में सफल रहे लेकिन अंतिम ओवरों में बाजी हमारे हाथ से निकल गई।
कोहली को मलाल है कि उनकी टीम की फील्डिंग भी अच्छा नहीं रही। उन्होंने कहा, ‘हमें महत्वपूर्ण मौकों को भुनाने की जरूरत है। हमने मुश्किल कैच नहीं बल्कि बिलकुल आसान कैच टपकाए। एक बार फिर हम योजनाओं को अमलीजामा पहनाने में नाकाम रहे।
Herald