Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

चोटिल Rohit ऑस्ट्रेलिया दौरे से बाहर, सीमित ओवरों में राहुल उप्कप्तान, पंत को जगह नहीं

नयी दिल्ली।भारत के सीमित ओवरों के उप-कप्तान और अनुभवी सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा मांसपेशियों में खिचाव के कारण सोमवार को ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए चुनी गयी तीनों प्रारूपों की टीम से बाहर हो गये। चोट के कारण इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के बाकी बचे मैचों में भी वह नहीं खेल सकेंगे ।

रोहित की गैरमौजूदगी में लोकेश राहुल उप-कप्तान की भूमिका में होंगे। विराट कोहली की अगुवाई वाली टेस्ट टीम में भी राहुल की वापसी हुई है। विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत को सीमित ओवरों की टीम में जगह नहीं मिली। वह हालांकि टेस्ट टीम में अपनी जगह बचाने में सफल रहे। बीसीसीआई चिकित्सा दल चोटिल तेज गेंदबाज इशांत शर्मा और रोहित की निगरानी कर रहा है। टीम घोषणा से जुड़ी विज्ञप्ति में बीसीसीआई सचिव जय शाह ने कहा, ''बीसीसीआई चिकित्सा दल इशांत और रोहित की निगरानी करना जारी रखेगा। ऑस्ट्रेलिया दौरे पर भारतीय टीम को तीन मैचों की टी2० श्रृंखला के अलावा इतने ही मैचों की एकदिवसीय श्रृंखला और चार मैचों की टेस्ट श्रृंखला खेलनी है। यह दौरा 27 नवंबर से शुरू होगा। यह पता चला है कि रोहित को चोट से उबरने में छह से आठ सप्ताह का समय लगेगा। रोहित को यह चोट आईपीएल के दौरान लगी। बीसीसीआई के एक सूत्र ने गोपनीयता की शर्त पर पीटीआई-भाषा को बताया, ''इस बात की संभावना कम है कि रोहित इस साल के इंडियन प्रीमियर लीग में आगे भाग लेंगे। उन्हें रिहैबिलिटेशन के लिए भारत वापस जाकर राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी (एनसीए) में रहना होगा। सोमवार के चयन की सबसे बड़ी खबर राहुल रहे जो टी2० अंतरराष्ट्रीय और वनडे दोनों में भारत के विकेटकीपर के तौर पर पहली पसंद बन गये है क्योंकि पंत को लेकर चयनकर्ताओं का धैर्य जवाब दे गया।

सूत्र ने कहा, '' राहुल को 2०21 टी2० विश्व कप और उसके आगे भी सीमित ओवरों में मुख्य विकेटकीपर के तौर पर देखा जा रहा है। इसके साथ ही उन्होंने अपने नेतृत्व कौशल से सभी को प्रभावित किया है और यही कारण है कि उन्हें उप-कप्तान बनाया गया है।संजू सैमसन टी2० अंतरराष्ट्रीय टीम में दूसरे विकेटकीपर होंगे, जिसमें कोलकाता नाइट राइडर्स के 'मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती भी हैं। तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज को लगतार बेहतर प्रदर्शन करने के कारण टेस्ट टीम में मौका दिया है। इशांत और भुवनेश्वर कुमार के चोटिल होने के कारण उनका दावा मजबूत था। सूत्र के मुताबिक, '' भुवनेश्वर और इशांत के बाहर होने के बाद सिराज और नवदीप सैनी टेस्ट टीम की स्वत: पसंद थे।

यह पता चला है कि सुनील जोशी की अगुवाई वाली चयन समिति पंत की फिटनेस से खुश नहीं थी। सूत्र ने कहा, '' तीनों टीमें एक साथ रहेगी ऐसे में अगर जरूरत हुई तो पंत को टीम में शामिल किया जा सकता है। इस में कोई शक नहीं कि यह चेन्नई के 29 साल के वरूण के लिए बड़ा दिन है। जिन्होंने आईपीएल के 11 मैचों के अलावा सीनियर स्तर पर कुल 21 मैच खेले है। दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ उनका पांच विकेट चटकाना इस आईपीएल के मुख्य आकर्षण में से एक है। कुलदीप यादव को उनकी फ्रेंचाइजी से मौका नहीं मिला रहा और ऐसे में वरूण ने इसका बखूबी फायदा उठाया। यह दौरा कमलेश नागरकोटी, कार्तिक त्यागी, इशान पोरेल और टी. नटराजन के लिए भी खास होगा जो भारतीय टीम के साथ यात्रा करेंगे। सूत्र ने कहा, ''इशान टेस्ट के लिए नेट गेंदबाज की भूमिका में होंगे जबकि सीमित ओवरों के लिए बायें हाथ का विकल्प मुहैया करायेंगे। टीम का कोई गेंदबाज अगर चोटिल होता है तो ये उनकी जगह ले सकते है।

टी2० अंतरराष्ट्रीय टीम : विराट कोहली (कप्तान), शिखर धवन, मयंक अग्रवाल, लोकेश राहुल (उप-कप्तान और विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर, मनीष पांडे, हार्दिक पांड्या, संजू सैमसन (विकेट-कीपर), रवींद्र जडेजा, वाशिगटन सुंदर, युजवेंद्र चहल, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद शमी, नवदीप सैनी, दीपक चाहर, वरुण चक्रवर्ती।

एकदिवसीय टीम: विराट कोहली (कप्तान), शिखर धवन, शुभमन गिल, लोकेश राहुल (उप-कप्तान और विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर, मनीष पांडे, हार्दिक पंड्या, मयंक अग्रवाल, रवींद्र जडेजा, युजवेंद्र चहल, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद शमी, नवदीप सैनी, शारदुल ठाकुर ।

टेस्ट टीम: विराट कोहली (कप्तान), मयंक अग्रवाल, पृथ्वी साव, लोकेश राहुल, चेतेश्वर पुजारा, अजिक्य रहाणे (उप-कप्तान), हनुमा विहारी, शुभमन गिल, रिद्धिमान साहा (विकेट कीपर), ऋषभ पंत (विकेट कीपर), जसप्रीत बुमराह , मोहम्मद शमी, उमेश यादव, नवदीप सैनी, कुलदीप यादव, रवींद्र जडेजा, रविचंद्रन अश्विन, मोहम्मद सिराज ।(एजेंसी)