

स्पोर्ट्स डेस्क। आईपीएल के 13वें सीजन के 26वें मुकाबले में रविवार को दुबई में राजस्थान रॉयल्स (RR) और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) की टीमें आमने-सामने होंगी. लगातार हार से आजिज आ चुकी राजस्थान को उम्मीद है कि बेन स्टोक्स की टीम में वापसी से वह जीत की राह पर लौट सकती है. यह मैच भारतीय समयानुसार दोपहर 3.30 बजे से खेला जाएगा. रॉयल्स ने दो जीत के बाद लगातार चार मैचों में पराजय का सामना किया है। वहीं सनराजइर्स ने छह में से तीन मैच जीते हैं और वह पांचवें स्थान पर है।

स्टोक्स का अनिवार्य एकांतवास शनिवार को पूरा हो गया। उनकी गैर मौजूदगी में टीम का संतुलन बिगड़ा है और अभी तक सही संयोजन नहीं मिल सका है। अगस्त में पाकिस्तान के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज के दौरान स्टोक्स बीच में ही न्यूजीलैंड चले गए थे, जहां उनके पिता का कैंसर का इलाज चल रहा है।

दिल्ली के खिलाफ शुक्रवार को हुए मैच में रॉयल्स की ओर से यशस्वी जायसवाल (34) और राहुल तेवतिया (38) को छोड़कर कोई बल्लेबाज नहीं चल सका। जोस बटलर, स्टीव स्मिथ और संजू सैमसन अपेक्षाओं पर खरे नहीं उतर पाए। सैमसन और स्मिथ पहले दो मैचों के बाद बल्ले से कमाल नहीं कर सके। गेंदबाजी में जोफ्रा आर्चर, तेवतिया और श्रेयस गोपाल ने अच्छा प्रदर्शन किया है।
Herald