
जोहानसबर्ग।कोरोना वायरस के कारण क्रिकेट गतिविधियां ठप्प होने के बाद दक्षिण अफ्रीका का छोटा घरेलू सत्र दो नवंबर से शुरु होगा। कोरोना वायरस के कारण दक्षिण अफ्रीका में गत 15 मार्च से खेल गतिविधिय़ां ठप्प पड़ी हुई थी। क्रिकेट दक्षिण अफ्रीका (सीएसए) कोरोना प्रोटोकॉल के तहत अपना घरेलू सत्र आयोजित करेगा जिसमें दर्शकों के बिना मुकाबले आयोजित किए जाएंगे।
पुरुषों का चार दिवसीय फ्रेंचाइजी टूर्नामेंट के दो नवंबर से शुरु होने के साथ ही घरेलू सत्र की शुरुआत होगी। इसके बाद सेकेंड टियर प्रथम श्रेणी पुरुष तीन दिवसीय खेल सात जनवरी से और पुरुष फ्रेंचाइजी एकदिवसीय कप आठ जनवरी को होगा। महिला वनडे टूर्नामेंट की शुरुआत नौ जनवरी से होगी और उसी दिन पुरुष वनडे टूर्नामेंट की शुरुआत होगी।
सीएसए के कार्यवाहक मुख्य कार्यकारी अधिकारी कुगांद्री गोवेंडर ने कहा, ''हमें घरेलू टूर्नामेंट के जरिए दक्षिण अफ्रीका के युवा खिलाड़यिों का कौशल विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभानी है। सीएसए ने अभी अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम को लेकर कुछ फैसला नहीं लिया है लेकिन इस बारे में चर्चा जारी है।(एजेंसी)