

स्पोर्ट्स डेस्क। धोनी की कप्तानी में चेन्नई सुपर किंग्स ने किंग्स इलेवन पंजाब को नौ विकेट से हराकर आईपीएल का समापन जीत के साथ किया। पंजाब ने पहले खेलते हुए दीपक हुड्डा के शानदार 62 रनों की मदद से स्कोरबोर्ड पर 153 रन टांगे। इसके जवाब में सीएसके टीम ने दोनों ओपनरों फाफ डु प्लेसिस और रुतुराज गायकवाड की बेहतरीन साझेदारी के दम पर आसानी से जीत हासिल की। टीम के लिए गायकवाड ने 49 गेंदों पर छह चौके और एक छक्के की मदद से नाबाद 62 रनों की पारी खेली। इसके लिए उन्हें लगातार तीसरी बार मैन ऑफ द मैच चुना गया। ऋतुराज गायकवाड़ ने आईपीएल में अपने नाम बेहद खास रिकॉर्ड दर्ज किया।

वह मौजूदा सीजन में लगातार तीन अर्धशतक जड़ने वाले पहले अनकैप्ड खिलाड़ी बन गए हैं। इसके साथ ही गायकवाड़ ने चेन्नई सुपरकिंग्स के लिए आईपीएल इतिहास में लगातार तीन फिफ्टी लगाने वाले पहले बल्लेबाज बन गए हैं। ऋतुराज गायकवाड़ ने भले ही अच्छे नोट पर अपना पहला आईपीएल सीजन खत्म किया है लेकिन उनकी शुरुआत बेहद ही खराब रही थी. एक ऐसी शुरुआत जिसकी कल्पना तक करना मुश्किल है. सबसे पहले ऋतुराज गायकवाड़ एक बार नहीं बल्कि 2-2 बार कोरोना पॉजिटिव पाए गए. ऋतुराज को चेन्नई सुपरकिंग्स के दूसरे खिलाड़ियों से दोगुना क्वारंटीन समय काटना पड़ा और इस वजह से उन्होंने प्रैक्टिस भी देरी से शुरू की.

इसका नुकसान उन्हें तब उठाना पड़ा जब उन्हें धोनी ने प्लेइंग इलेवन में मौका दिया. गायकवाड़ अपनी पहली आईपीएल पारी में खाता तक नहीं खोल सके. इसके बाद उन्होंने 5 रन की पारी खेली और उसके बाद वो फिर शून्य पर निपट गए. गायकवाड़ के साथ-साथ चेन्नई के दूसरे युवा खिलाड़ी जगदीशन भी कुछ खास नहीं कर सके, चेन्नई की टीम ने एक के बाद एक मैच गंवाए और वो प्लेऑफ की रेस से ही बाहर हो गई. निराश कप्तान धोनी ने अपने युवा खिलाड़ियों के खिलाफ ही बयान दे डाला और कहा कि उनके अंदर उन्हें चिंगारी नहीं दिखाई दी.
Herald