

स्पोर्ट्स डेस्क। आईपीएल के 13वें सीजन में मुंबई इंडियंस की टीम ने दमदार खेल दिखाते हुए खिताब जीता। पांचवीं बार चैंपियन बनी मुंबई को पहली बार फाइनल में पहुंची दिल्ली कैपिटल्स ने टक्कर दी। पूर्व भारतीय ऑलराउंडर इरफान पठान का मानना है कि यह टीम अगले चार -पांच साल अब टूर्नामेंट में राज करने वाली है। दिल्ली की टीम चेन्नई सुपर किंग्स जैसा हावी होकर खेलेगी।

पूर्व भारतीय ऑलराउंडर इरफान पठान ने कहा कि श्रेयस अय्यर एंड कंपनी वही स्तर हासिल कर सकती है, जो महेंद्र सिंह धोनी की चेन्नई सुपर किंग्स ने किया था. दिल्ली कैपिटल्स के पास बेस्ट बल्लेबाज हैं. उनके पास श्रेयस अय्यर, शिखर धवन, ऋषभ पंत और पृथ्वी शॉ जैसे बल्लेबाज हैं. उनके पास बेस्ट गेंदबाज भी है. इरफान पठान ने स्टार स्पोर्ट्स के शो क्रिकेट कनेक्टेड पर कहा, ''मुझे लगता है कि अगले कुछ सालों में दिल्ली कैपिटल्स चेन्नई सुपर किंग्स जैसी टीम साबित होगी. उन्होंने अधिकांश मैचों में अपना दबदबा बनाया और मैच जीते. अगले कुछ साल दिल्ली के होंगे.''

पठान ने कहा, ''उन्होंने टीम के चयन में काफी समय लगाया. अब उनके पास अच्छी टीम बन गई है. उनके पास अच्छा कप्तान है. उनके पास कुछ दक्षिण अफ्रीकी तेज गेंदबाज हैं. दिल्ली कैपिटल्स ने सात सालों में पहली बार प्लेऑफ में प्रवेश किया. इस साल वे फाइनल में पहुंचे. 2020 में वह खिताब जीतने से एक कदम दूर रह गए, लेकिन पूरे टूर्नामेंट में उन्होंने कंसीस्टेंसी दिखाई.
Herald