Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

फाइनल से पहले जानिए वो 4 कारण, क्यों IPL 2020 की चैंपियन बन सकती है DC !

स्पोर्ट्स डेस्क। दिल्ली कैपिटल्स (DC) की टीम पहली बार आईपीएल के फाइनल में खेलेगी. क्वालिफायर-2 के 'करो या मरो' के मुकाबले में उसने सनराइजर्स हैदराबाद की चुनौती 17 रनों से ध्वस्त की. रविवार रात अबु धाबी में पहले तो उसने 189/3 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया और उसके बाद हैदराबाद को 172/8 के स्कोर पर रोक दिया. मुंबई भले ही पांचवीं बार इस ट्रॉफी को अपने नाम करने के लिए फेवरेट टीम मानी जा रही हो, लेकिन दिल्ली ने जिस तरह का प्रदर्शन हैदराबाद के खिलाफ किया है, उसको देखते हुए अगर श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली टीम इस खिताब को पहली बार अपने नाम करने में सफल होती है तो कोई हैरत वाली बात नहीं होगी। आइए एक नजर डालते है उन 4 कारणों पर जिनके दम पर दिल्ली कैपिटल्स की टीम रोहित एंड कंपनी का पांचवीं बार इस खिताब को अपने नाम करने का सपना चकनाचूर कर सकती है।


1. धवन अकेले बिगाड़ सकते हैं मुंबई का खेल

दिल्ली कैपिटल्स के लिए इस सीजन सबसे ज्यादा रन बनाने वाले शिखर धवन पर फाइनल मुकाबले में काफी बड़ा दरोमदार होगा। धवन वो बल्लेबाज हैं, जिनका बल्ला अगर फाइनल में चला तो मुंबई का हर दांव उल्टा पड़ सकता है। दिल्ली के लिए अच्छी खबर यही है कि गब्बर हैदराबाद के खिलाफ शानदार पारी खेलकर आ रहे हैं और उनकी हालिया फॉर्म मुंबई के गेंदबाजों की नींद जरूर उड़ा रही होगी। धवन इस सीजन अबतक 16 मैचों में 145.65 के स्ट्राइक रेट से 603 रन बना चुके हैं।

2. स्टोयनिस का ऑल-राउंड खेल दिला सकता है दिल्ली को पहला खिताब

सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ बल्ले और गेंद दोनों से ही धमाकेदार प्रदर्शन करने वाले मार्कस स्टोयनिस बेहद शानदार फॉर्म में हैं। हैदराबाद के खिलाफ उनसे ओपनिंग करवाने का टीम का फैसला भी एकदम सही साबित हुआ था। स्टोयनिस के पास पावरप्ले के अंदर बड़े शॉट्स लगाने की काबिलियत है, इसके साथ वो पारी को चलना भी बखूबी जानते हैं। ऑस्ट्रेलिया का यह ऑल-राउंडर बल्ले के साथ-साथ गेंद से भी कारगर साबित हो सकता है। स्टोयनिस ने इस सीजन अबतक 16 मैचों में 352 रन बनाने के साथ 12 विकेट भी चटकाए हैं। यानी अगर फाइनल में दिल्ली के इस ऑलराउंडर का दिन रहा, तो दिल्ली को पहली बार चैंपियन बनने में ज्यादा दिक्कतों का सामना नहीं करना पड़ेगा।

3. रबाडा और नॉर्टजे की जोड़ी कर सकती है कमाल

कगीसो रबाडा और एनरिच नॉर्टजे ने दिल्ली कैपिटल्स के लिए इस सीजन कई बेहतरीन स्पेल डाले हैं और टीम को एकतरफा जीत दिलाई है। हैदराबाद के खिलाफ रबाडा ने अपने चार ओवर में सिर्फ 29 रन देकर 4 विकेट अपने नाम किए थे। दोनों ही गेंदबाजों के पास वो गति और लाइन लैंथ मौजूद है, जिसके दम पर वो मुंबई इंडियंस के टॉप ऑर्डर को तहस-नहस कर सकते हैं। रबाडा डेथ ओवरों में सटीक यॉर्कर फेंकने की अपनी काबिलियत से मुंबई के बल्लेबाजों के लिए मुश्किल पैदा कर सकते हैं, जबकि नॉर्टजे अपनी गति के दम रनों पर अंकुश लगा सकते हैं।

4. काम आएगी अश्विन की चतुराई

मुंबई के खिलाफ आईपीएल 2020 के फाइनल मैच में रविचंद्रन अश्विन पर काफी कुछ निर्भर करेगा। पहले क्वॉलिफायर मैच में दिल्ली को भले ही मुंबई के हाथों हार का सामना करना पड़ा हो, लेकिन अश्विन ने उस मैच में भी मुंबई के बल्लेबाजों को अपनी घूमती गेंदों पर खूब नचाया था। कप्तान श्रेयस अय्यर अश्विन का इस्तेमाल पावरप्ले में करते हैं और अश्विन हर बार कप्तान को विकेट निकाल कर देते हैं। इसके साथ ही, अश्विन बीच के ओेवरों में रनगति पर भी लगाम लगा सका सकते हैं, जो मुंबई के बल्लेबाजों पर दबाव बढ़ा सकता है।



Herald