

स्पोर्ट्स डेस्क। भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली आज अपना 32वां जन्मदिन मना रहे हैं. अपनी आक्रामक बल्लेबाजी के लिए मशहूर विराट कोहली का जन्म 5 नवंबर 1988 को दिल्ली में हुआ था. कोहली ने क्रिकेट के तीनों फॉर्मेट टेस्ट, वनडे और टी-20 में अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से कई रिकॉर्ड्स बनाये हैं. कोहली क्रिकेट की दुनिया में अपनी आक्रामक बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं। यही वजह है कि टेस्ट क्रिकेट हो या वनडे या फिर टी20.. तीनों ही फॉर्मेट में उनकी तूती बोलती है।

इस मुकाम तक पहुंचने में जितनी उनकी मेहनत है, उतनी ही उनके पिता का संघर्ष भी है. जिन्होंने अपने बेटे के सपने को कभी कमजोर पड़ने नहीं दिया. उस समय भी नहीं, जब कोहली को टीम में चुनने के लिए उनसे रिश्वत तक की मांग की गई थी, उस समय उनके पिता न तो अपने उसूलों से डगमगाए, न भी बेटे को कमजोर होने दिया. इसी साल मई में खुद विराट कोहली ने इस किस्से का खुलासा किया था उनके पिता से रिश्वत तक की मांग की गई थी. सुनील छेत्री के साथ एक इंस्टाग्राम लाइव में कोहली ने बताया था कि एक समय स्टेट क्रिकेट टीम में उनके चयन के लिए पिता से पैसे मांगे गए थे.

कोहली ने कहा कि वे अच्छा खेल रहे थे. स्टेट क्रिकेट में एक बार कोई आगे आया और उनके पिता से कहा कि चयन की तो परेशानी नहीं है, मगर इसके लिए उन्हें कुछ अतिरिक्त करना होगा. यानी पैसा मांग रहे थे. इतना तो समझ में आ गया था कि वह क्या मांग रहा है. मगर उनके पिता मेहनत करके वकील बने और मेहनत करने वालों को ये सब भाषा समझ नहीं आती. कोहली ने कहा कि उनके पिता ने कोच को साफ कर दिया था कि अपने दम पर जो उनका बेटा कर लेगा, वो ठीक है. मगर ऐसे नहीं खेलना. भारतीय कप्तान ने बताया कि वह उस समय तो काफी रोए, मगर पिता ने कहा था वो करो, जो कोई नहीं कर रहा. उनकी यही बात उन्होंने हमेशा गांठ बांध ली.
Herald