

स्पोर्ट्स डेस्क। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच सीरीज हो और बयानबाजी न हो, ऐसा हो नहीं सकता। मेजबान ऑस्ट्रेलिया और भारत के बीच तीन-तीन मैचों की वनडे और टी20 सीरीज के बाद चार मैचों की टेस्ट सीरीज होनी है। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया के विकेटकीपर बल्लेबाज एलेक्स कैरी ने दोनों टीमों को लेकर एक बड़ा बयान दिया है। कैरी ने कहा है कि अगर भारत के पास जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद शमी हैं तो हमारे पास भी मिचेल स्टार्क, पैट कमिंस और जोश हेजलवुड जैसे गेंदबाज हैं।

लेक्स कैरी ने 27 नवंबर से शुरू होने वाली वनडे सीरीज से पहले मीडिया से बातचीत करते हुए कहा, ‘‘हम जानते हैं कि शमी और बुमराह बेहतरीन हैं, लेकिन हमें ये भी पता है कि ऑस्ट्रेलियाई टीम में किस तरह शानदार खिलाड़ी हैं। शीर्ष क्रम में डेविड वॉर्नर और एरॉन फिंच ने भारतीय तेज गेंदबाजों के सामने अच्छा प्रदर्शन किया है। हम बुमराह और शमी की बात करते हैं। इन दोनों के अलावा युजवेंद्र चहल और रविंद्र जडेजा के साथ अन्य गेंदबाज भी हैं, लेकिन मैं स्टार्क और कमिंस को लेकर ज्यादा उत्साहित हूं। टीम में एडम जम्पा और हेजलवुड भी हैं।
एलेक्स कैरी ने आगे कहा, ‘‘जब आप दोनों टीमों को आमने-सामने करते हैं तो कुछ शानदार खिलाड़ी दिखाई देते हैं। हमलोग लगातार एक-दूसरे के खिलाफ खेल रहे हैं और मिल रहे हैं। इस कारण एक-दूसरे की मजबूती को अच्छी तरह से जानते हैं। भारत को गेंदबाजी विभाग में कुछ वास्तविक ताकत मिली है। इससे रोमांचक खेल होने की संभावना है।’’ टीम इंडिया ऑस्ट्रेलिया में तीन वनडे और तीन टी20 के बाद चार टेस्ट खेलेगी।
Herald