

स्पोर्ट्स डेस्क। भारत के शीर्ष हरफनमौला खिलाड़ी हार्दिक पंड्या ने मैच के बाद कहा कि वह तभी गेंदबाजी करेंगे जब समय सही होगा। साथ ही उन्होंने टीम से बहु प्रतिभा वाले अन्य खिलाड़ियों को तराशने का आग्रह किया, क्योंकि यहां शुरुआती वनडे में ऑस्ट्रेलिया से मिली हार के दौरान उनकी गेंदबाजी की काफी कमी महसूस की गई।

यह हरफनमौला खिलाड़ी पीठ की सर्जरी के बाद अभी तक गेंदबाजी का भार संभालने के लिए तैयार नहीं है जिससे टीम का संतुलन प्रभावित हो रहा है और यह बात खुद कप्तान विराट कोहली ने स्वीकार की। भारत की ओर से हार्दिक पांड्या ने 90 रन का योगदान दिया। उन्होंने मैच के बाद प्रेस कांफ्रेंस में कहा, 'मैं अपनी गेंदबाजी पर काम कर रहा हूं। मैं गेंदबाजी करूंगा, जब सही समय होगा।

मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलिया ने सपाट पिच पर 6/374 रन बनाए। जवाब में भारतीय टीम आठ विकेट पर 308 रन ही बना सकी। इस ऑलराउंडर ने नेट पर गेंदबाजी करना शुरू कर दिया है। पांड्या ने कहा कि यह महत्वपूर्ण है कि जब वह मैच की परिस्थितियों में गेंदबाजी करना शुरू करें तो वह बेहतरीन प्रदर्शन के लिए जरूरी रफ्तार हासिल कर पाए।
Herald