

स्पोर्ट्स डेस्क। ऑस्ट्रेलिया दौरे में पितृशोक से गमगीन क्रिकेटर मोहम्मद सिराज भारतीय टीम को जिता दिलाकर अपने पिता को श्रद्धांजलि देना चाहते हैं। 20 नवंबर की देर शाम मोहम्मद सिराज के सिर से पिता का साया उठ गया। लंबे समय से फेफड़ों की बीमारी से जूझ रहे 53 वर्षीय मोहम्मद गौस ने उस वक्त आखिरी सांस ली, जब उनका क्रिकेटर बेटा ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए जी-तोड़ मेहनत कर रहा था।

सिराज के भाई मोहम्मद इस्माइल ने कहा है कि सिराज की बात पिता से हुई थी और कहा था, "अब्बू, मैं सलेक्ट हो गया टेस्ट टीम में, टेस्ट सीरीज खेलने ऑस्ट्रेलिया जा रहा हूं।" सिराज आइपीएल में आरसीबी का कैंपेन खत्म होने के बाद अपने बैग पैक कर रहे थे और अपने परिवार को अलविदा कहा था, लेकिन सिराज नहीं जानते थे कि उनकी मुलाकात अब पिता से नहीं होगी। यहां तक कि पिता सिराज को टेस्ट क्रिकेट खेलते हुए नहीं देख पाए। 53 साल की उम्र में उनका निधन फेफडों की बीमारी की वजह से हो गया।
भाई ने आगे बताया, "मैं टीम इंडिया के मैनेजर के संपर्क में हूं। वह बहुत अच्छे हैं। मैं विराट भाई (विराट कोहली) और रवि सर (रवि शास्त्री) का बहुत आभारी हूं, जो वहां हैं और सिराज को सांत्वना दे रहे हैं। अन्य टीम के साथी भी उनसे मिलने उनके रूम में गए हैं और सभी सपोर्ट कर रहे हैं। सिराज ने वादा किया है वह टेस्ट सीरीज में अच्छा प्रदर्शन करेगा और हमारे पिता को श्रृद्धांजिल देगा। वह पिता के लिए ये सीरीज जीतना चाहता है।
Herald