

स्पोर्ट्स डेस्क। दिल्ली कैपिटल्स के स्पिन गेंदबाज रविचंद्रन अश्विन ने बड़ा खुलासा किया है। ऑफ स्पिनर ने बताया है कि दिल्ली कैपिटल्स और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के बीच खेले गए मैच में विराट कोहली और दिल्ली के हेड कोच रिकी पोंटिंग के बीच झड़प हुई थी। इस सीजन बैंगलोर और दिल्ली के बीच खेले गए दोनों ही मैचों में दिल्ली कैपिटल्स की टीम ने जीत हासिल की थी। दिल्ली की टीम ने आईपीएल में पहली बार टूर्नामेंट के फाइनल में अपनी जगह बनाई थी, लेकिन टीम को फाइनल मैच में मुंबई इंडियंस के हाथों हार का सामना करना पड़ा था।

रविचंद्रन अश्विन जिस मैच का जिक्र कर रहे हैं, वह 2 नवंबर को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और दिल्ली कैपिटल्स के बीच खेला गया था. उस मैच में टाइम आउट के दौरान यह घटना हुई थी. अश्विन ने यूट्यूब चैनल पर खुलासा करते हुए कहा है कि उस मैच में कोहली और पोंटिंग के बीच बहस हुई थी. अश्विन ने बताया कि उस मैच के दौरान उन्हें दौड़ते वक्त पीठ में समस्या हुई थी और उनको मैदान से बाहर जाना पड़ा था.

अश्विन ने बताया कि मैच में हो रही देरी से विराट कोहली और उनकी टीम खुश नहीं थे और उन्होंने दिल्ली कैपिटल्स टीम से इसका कारण पूछा तो दिल्ली के कोच पोंटिंग ने कोहली को जवाब दिया. अश्विन ने बताया कि कोहली टाइम आउट के समय में अंपायर से बात करने गए थे. मजे की बात ये रही कि इसी मुकाबले में अश्विन ने आईपीएल में पहली बार विराट कोहली को आउट किया था. अश्विन ने कहा कि उनको विराट कोहली के खिलाफ गेंदबाजी करने में काफी मजा आता है और कोहली उनके सामने बल्लेबाजी करते समय जोखिम नहीं उठाते.अश्विन ने कहा कि धोनी की तरह कोहली भी मेरे खिलाफ चांस नहीं लेते. मुझे विराट कोहली को गेंदबाजी करना पसंद है. वह मेरे खिलाफ कोई चांस नहीं लेते.
Herald